पटहेरवा, कुशीनगर: तमकुहीराज विकासखंड के बलुआ तकिया स्थित ऐतिहासिक काली मंदिर एवं नर्वदेश्वरनाथ महादेव मंदिर परिसर से श्री शिवपुराण कथा ज्ञान महायज्ञ के शुभारंभ के उपलक्ष्य में बुधवार को एक भव्य कलश यात्रा का आयोजन किया गया। इस यात्रा में सैकड़ों श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। गाजे-बाजे, हाथी-घोड़े और चार पहिया वाहनों के साथ निकली कलश यात्रा ने पूरे क्षेत्र को भक्ति के रंग में रंग दिया।
शिवघाट तक पहुंची श्रद्धा की धारा
कलश यात्रा में क्षेत्र की कुंवारी कन्याओं समेत बड़ी संख्या में महिलाएं, पुरुष और किशोरियां शामिल हुईं, जो शिवघाट से पवित्र जल भरने के लिए निकलीं। भोलेनाथ की जयकारों से वातावरण गुंजायमान हो उठा और श्रद्धालुओं की आस्था ने समूचे क्षेत्र को शिवमय बना दिया।
Read More: Kushinagar News: पत्रकार और व्यवसायी को धमकाने वाला कथित एके47 गैंग का सदस्य गिरफ्तार
यज्ञाचार्य व कथावाचक की अगुवाई में आरंभ
कलश यात्रा का विधिवत पूजन-अर्चन यज्ञाचार्य राकेश पांडेय द्वारा किया गया। इसके पश्चात यात्रा शिवघाट के लिए रवाना हुई। 6 अगस्त तक चलने वाले इस शिवपुराण कथा महायज्ञ में प्रतिदिन संध्याकालीन कथा एवं विविध धार्मिक अनुष्ठानों का आयोजन होगा।
इस मौके पर कथावाचक उपेन्द्र दास जी महाराज की विशेष उपस्थिति रही। साथ ही भाजपा किसान मोर्चा जिलाध्यक्ष अजय राय, देवेंद्र राय, रामसागर राय, सुभाष राय, संदीप तिवारी, रानू राय, संजय राय, विनय तिवारी और प्रमोद राय समेत बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिकों व श्रद्धालुओं ने भाग लिया।

