सहजनवा (गोरखपुर) — ‘हर घर तिरंगा अभियान 2025’ के अंतर्गत सोमवार को पाली ब्लॉक मुख्यालय से भव्य तिरंगा यात्रा का आयोजन किया गया। इस ऐतिहासिक कार्यक्रम का नेतृत्व ब्लॉक प्रमुख ई. शशी प्रताप सिंह एवं वीडियो बृजेश यादव ने संयुक्त रूप से किया।
हजारों लोगों की भीड़, हाथों में लहराते राष्ट्रीय ध्वज और जोश से भरे देशभक्ति गीतों के साथ यह तिरंगा यात्रा पूरे क्षेत्र में उत्साह और गौरव का संदेश फैलाती रही। यात्रा के दौरान “भारत माता की जय” और “वंदे मातरम्” के नारों से वातावरण देशभक्ति के रंग में सराबोर हो गया।
देशभक्ति और एकता का संदेश
इस तिरंगा यात्रा का मुख्य उद्देश्य लोगों में राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान, एकता और राष्ट्र के प्रति समर्पण की भावना को और प्रबल करना था। आयोजन समिति ने बताया कि यह यात्रा हर व्यक्ति के दिल में तिरंगे का गर्व जगाने और राष्ट्रप्रेम को और मजबूत करने के लिए निकाली गई।
ब्लॉक प्रमुख ई. शशी प्रताप सिंह ने अपने संबोधन में कहा—“तिरंगा हमारी आन, बान और शान का प्रतीक है। यह हमारी एकता, अखंडता और बलिदान का प्रतीक है। इस यात्रा के जरिए हम चाहते हैं कि हर हृदय में राष्ट्रप्रेम की ज्योति और प्रखर हो। मुझे गर्व है कि हमारे क्षेत्र के लोगों ने जोश और उत्साह के साथ इसमें भाग लेकर देशभक्ति की अनूठी मिसाल पेश की।”
Read more: गोरखपुर: दिग्विजयनाथ पीजी कॉलेज में ‘रामचरित और भक्ति का स्वरूप’ विषय पर विशिष्ट व्याख्यान, अंतरराष्ट्रीय विद्वान ने दी प्रेरणादायी सीख
प्रमुख लोगों की उपस्थिति
इस अवसर पर भाजपा मंडल महामंत्री विजय मिश्रा, उपेंद्र यादव, एनआरएलएम अनुराग कश्यप, विनय उपाध्याय, अनिल गौड़, अनिल कुमार, दिलीप कुमार, आलोक कुमार, गौरव चौधरी, ध्रुव कुमार कुशवाहा, सरवन यादव, धर्मवीर साहनी, पशुपतिनाथ उपाध्याय, समीर, उपेंद्र पांडे, सचिन, अशोक सिंह, अमरीश मिश्रा समेत कई गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।

