Site icon जनस्वराज हिंदी

Women’s T20 WC: भारत के सामने आज ऑस्ट्रेलिया की कठिन चुनौती, हर हाल में चाहिए जीत 

India vs Australia Women T20 World Cup 1728814406812

हीली और टायला पाकिस्तान के खिलाफ हुई थीं चोटिल

ऑस्ट्रेलिया के तीन मैचों में छह अंक है और उसका नेट रनरेट प्लस 2.786 है। ऑस्ट्रेलिया ने सेमीफाइनल में प्रवेश तय कर लिया है जबकि बाकी स्थान के लिए भारत, न्यूजीलैंड और पाकिस्तान दौड़ में हैं। गत चैंपियन ऑस्ट्रेलिया ने शुक्रवार को पाकिस्तान को हराया, लेकिन कप्तान एलिसा हीली फील्डिंग के दौरान पैर में चोट लगा बैठी और तेज गेंदबाज टायला व्लाएमिंक के कंधे की हड्डी खिसक गई। रविवार के मुकाबले में उनका खेल पाना मुश्किल है। हीली अगर नहीं खेलती हैं तो ऑस्ट्रेलिया को नया कप्तान, विकेटकीपर और सलामी बल्लेबाज तलाशना होगा। बेथ मूनी विकेटकीपिंग कर सकती हैं, जबकि उपकप्तान ताहलिया मैकग्रा को कप्तानी सौंपी जा सकती है।

ग्रुप ए: अंक तालिका का हाल 

भारत ने श्रीलंका को 82 रन से हराया जो टूर्नामेंट के इतिहास में उसकी सबसे बड़ी जीत है। इससे भारत का रनरेट भी नेगेटिव से पॉजीटिव हो गया और अंतिम चार में पहुंचने की संभावना भी प्रबल हुई। इस जीत से भारत ग्रुप ए में दूसरे स्थान पर है, जबकि ऑस्ट्रेलिया शीर्ष पर है। भारत के चार अंक है और उसे नॉकआउट में प्रवेश के लिए जीत की जरूरत है क्योंकि न्यूजीलैंड को अभी एक मैच और खेलना है और वह छह अंक लेकर अंतिम चार में पहुंच सकता है। ऐसे में बात नेट रनरेट पर जाएगी। भारत का नेट रनरेट इस समय प्लस 0.567 है जबकि न्यूजीलैंड का +0.282 है। पाकिस्तान के तीन मैचों में दो अंक हैं। अगर वे आखिरी मैच में न्यूजीलैंड को हरा देते हैं और भारत ऑस्ट्रेलिया से हार जाता है तो सभी टीमों के चार चार अंक होंगे और तब भी नेट रनरेट पर बात आएगी। इसलिए भारतीय टीम को न सिर्फ जीतना है बल्कि बड़े अंतर से भी जीतना है।
भारतीय टीम ने हमेशा ऑस्ट्रेलिया को कड़ी चुनौती दी है और अस्तित्व की इस लड़ाई में कप्तान हरमनप्रीत कौर को अपनी टीम से सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन की उम्मीद होगी। शीर्ष क्रम पर शेफाली वर्मा, स्मृति मंधाना और कप्तान हरमनप्रीत ने रन बनाए हैं। इस मैदान पर भारत का यह पहला मैच है और यहां रन बनाना आसान नहीं है लिहाजा इन तीनों के अलावा जेमिमा रॉड्रिग्ज पर भी काफी दारोमदार होगा। गेंदबाजों ने पाकिस्तान और श्रीलंका के खिलाफ अच्छा प्रदर्शन किया और वे इसे बरकरार रखना चाहेंगे।

भारत और ऑस्ट्रेलिया की संभावित प्लेइंग-11…

भारतः शेफाली वर्मा, स्मृति मंधाना, हरमनप्रीत कौर (कप्तान), जेमिमा रॉड्रिग्ज, ऋचा घोष (विकेटकीपर), सजीवन सजना, दीप्ति शर्मा, अरंधति रेड्डी, श्रेयंका पाटिल, आशा शोभना, रेणुका सिंह।
ऑस्ट्रेलियाः एलिसा हीली (कप्तान और विकेटकीपर), बेथ मूनी, एलिसा पेरी, फोएबे लिचफील्ड, ग्रेस हैरिस, एश्ले गार्डनर, जॉर्जिया वारहम, ताहिला मैक्ग्रा, एनाबल सदरलैंड, सोफी मोलिन्यूक्स, मेगन शट।
Exit mobile version