Site icon जनस्वराज हिंदी

कुशीनगर: बिजली बिल विवाद में भिड़े भाजपा और विद्युत विभाग, थाने का घेराव, जातिगत टिप्पणी का आरोप

कुशीनगर बिजली बिल विवाद

कुशीनगर बिजली बिल विवाद

कुशीनगर: तमकुहीराज में बिजली बिल विवाद को लेकर भारतीय जनता पार्टी और विद्युत विभाग आमने-सामने आ गए हैं। गुरुवार देर शाम एसडीओ विद्युत शुभम अग्रहरी और भाजपा किसान मोर्चा कुशीनगर के जिलाध्यक्ष अजय राय के बीच हुई कहासुनी ने बड़ा विवाद का रूप ले लिया।

थाने पहुंची भीड़, मुकदमे की मांग पर अड़े भाजपाई

शुक्रवार को भाजपा के सैकड़ों नेता और कार्यकर्ता तमकुहीराज थाने पहुंचकर प्रदर्शन करने लगे। उन्होंने एक दलित युवक गुलशन कुमार की शिकायत पर मुकदमा दर्ज कराने की मांग करते हुए थाने का घेराव किया। भाजपा कार्यकर्ताओं का आरोप है कि गुलशन कुमार बिजली बिल में सुधार कराने बिजली घर गया था, जहां एसडीओ शुभम अग्रहरी ने उसे जातिसूचक गालियां दीं और बिजली घर से भगा दिया।

एसडीओ पर अमर्यादित भाषा और मारपीट का आरोप

पीड़ित युवक ने मामले की जानकारी भाजपा किसान मोर्चा जिलाध्यक्ष अजय राय को दी। जब अजय राय बिजली घर पहुंचे तो एसडीओ ने उनके साथ भी अमर्यादित व्यवहार किया और हाथापाई कर दी। भाजपा नेताओं का आरोप है कि एसडीओ न सिर्फ उपभोक्ताओं के साथ दुर्व्यवहार करते हैं, बल्कि जनप्रतिनिधियों के खिलाफ भी अभद्र भाषा का इस्तेमाल करते हैं। एसडीओ खुद को “5 साल का राजा” बताते हुए कहते हैं, “हम 60 साल के राजा हैं, जो चाहेंगे वही करेंगे।”


Read more: कुशीनगर: बाइक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकराई, युवक गंभीर रूप से घायल


स्थानीय उपभोक्ता भी भड़के, कार्रवाई की मांग

तमकुहीराज नगर और ग्रामीण क्षेत्रों के कई बिजली उपभोक्ताओं ने भी एसडीओ के व्यवहार पर नाराजगी जताई है। लोगों ने मांग की है कि ऐसे अधिकारी के खिलाफ तत्काल कार्रवाई की जाए, जिससे उपभोक्ताओं के साथ सम्मानजनक व्यवहार सुनिश्चित हो सके।

एसडीओ की ओर से भी दी गई तहरीर, विद्युत विभाग ने रखी अपनी बात

विवाद के बाद एसडीओ शुभम अग्रहरी, एक्सईएन और अन्य विद्युत कर्मियों के साथ थाने पहुंचे और अपनी ओर से भी तहरीर दी। उन्होंने आरोप लगाया कि तरयासुजान क्षेत्र के एक विद्यालय में बिजली चोरी पकड़ी गई थी, जिसके संबंध में कार्रवाई चल रही थी। इसी मामले में भाजपा नेता बिजली कनेक्शन का लोड बढ़वाने के लिए दबाव बना रहे थे और सरकारी कार्य में बाधा डालते हुए दुर्व्यवहार किया गया।

दोनों पक्षों की तहरीर, जांच में जुटी पुलिस

फिलहाल, दोनों पक्षों की ओर से तहरीर दी गई है। सीओ तमकुहीराज ने मामले की गंभीरता को देखते हुए दोनों पक्षों से बातचीत कर पूरी जानकारी ली है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और दोनों पक्षों के आरोपों की सत्यता की जांच की जा रही है।


हमारे व्हाट्सएप्प ग्रुप से जुड़ने के लिए नीचे लिंक पर क्लिक करें

https://chat.whatsapp.com/DuMQ0U5z85a0bIgrUgUMlU

Exit mobile version