कुशीनगर: पटहेरवा क्षेत्र के एक इंटर कॉलेज में मंगलवार को छात्रों के दो गुटों के बीच चल रही पुरानी रंजिश ने हिंसक रूप ले लिया। एक गुट के करीब आधा दर्जन छात्रों ने दूसरे गुट के छात्र सुमित पटेल को घेरकर बेरहमी से पीटा और उसका सिर फोड़कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। घटना के बाद हमलावर छात्र मौके से फरार हो गए।
घटना के पीछे पुराना विवाद
घायल छात्र सुमित पटेल, जो पटहेरवा थाना क्षेत्र के बगही गांव का निवासी है, पटहेरवा स्थित एक इंटर कॉलेज का छात्र है। तीन महीने पहले कॉलेज में एक लड़की की फोटो को लेकर दो छात्र गुटों में विवाद हुआ था, जो बाद में समझौते में तब्दील हो गया था। लेकिन इसी पुराने विवाद को लेकर मंगलवार को एक बार फिर तनाव भड़क गया।
गांव के पास घेरकर की गई पिटाई
सुमित का आरोप है कि कॉलेज के ही दूसरे गुट के छात्रों ने उसे गांव के नजदीक घेर लिया और लाठी-डंडों से जमकर पीटा। हमले में उसका सिर फट गया और वह लहूलुहान हो गया। घायलावस्था में उसे ग्रामीणों की मदद से सीएचसी तमकुहीराज पहुंचाया गया, जहां उसका इलाज किया गया।
Read more: सेवराई में बिजली निगम कर्मियों ने चलाया चेकिंग अभियान
पीड़ित छात्र की शिकायत पर पुलिस सक्रिय
सुमित ने पटहेरवा थाना में तहरीर देकर आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। उसका कहना है कि वह पूरी तरह निर्दोष है, और कुछ मनबढ़ छात्र दबदबा जमाने के लिए उस पर जानलेवा हमला कर बैठे।
पुलिस जांच में जुटी
थानाध्यक्ष विनय कुमार मिश्र ने बताया कि मामले की सूचना मिली है और जांच शुरू कर दी गई है। दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

