Site icon जनस्वराज हिंदी

कुशीनगर: कब्र से गायब बच्ची का शव झाड़ियों में मिला, सपा एमएलसी रामअवध यादव ने परिजनों से की मुलाकात

एमएलसी रामअवध यादव

एमएलसी रामअवध यादव

कुशीनगर: कुशीनगर जनपद के पटहेरवा थाना क्षेत्र अंतर्गत पटहेरिया गांव में दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। बीते सोमवार की सुबह एक नाबालिग बच्ची का शव कब्र से गायब मिला, जो बाद में कब्रिस्तान के पास झाड़ियों में बरामद हुआ। घटना ने पूरे क्षेत्र में सनसनी फैला दी है।

इस दिल दहला देने वाली घटना की सूचना मिलते ही बुधवार को देवरिया-कुशीनगर स्नातक क्षेत्र से सपा एमएलसी रामअवध यादव के नेतृत्व में समाजवादी पार्टी का एक प्रतिनिधिमंडल पीड़ित परिवार से मिलने उनके घर पहुंचा और पूरे मामले की विस्तृत जानकारी ली।

कैसे हुआ पूरा घटनाक्रम?

पटहेरिया सहदौली निवासी बिस्मिल्ला की छोटी बेटी की तबीयत बिगड़ने के बाद उसे इलाज के लिए गोरखपुर मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया था। जहां शुक्रवार की रात इलाज के दौरान उसकी मृत्यु हो गई। शनिवार को परिजनों ने धार्मिक रीति-रिवाज के अनुसार गांव के कब्रिस्तान में बच्ची का अंतिम संस्कार किया।

लेकिन सोमवार की सुबह गांव में हड़कंप मच गया जब यह पता चला कि बच्ची का शव कब्र से गायब है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से खोजबीन शुरू की और शव को उसी दिन कब्रिस्तान के पास स्थित झाड़ियों से बरामद कर लिया। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।


Read more: कुशीनगर: पटहेरवा इंटर कॉलेज में छात्र पर हमला, पुरानी रंजिश में आधा दर्जन छात्रों ने की बेरहमी से पिटाई


सपा प्रतिनिधिमंडल ने की पीड़ित परिवार से मुलाकात

घटना से व्यथित समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता एमएलसी रामअवध यादव, सपा नेता विजय यादव, युवा नेता राजन शुक्ला, डॉ. इरफान समेत पार्टी के अन्य पदाधिकारी बुधवार को पीड़ित परिवार के घर पहुंचे। प्रतिनिधिमंडल ने परिजनों से संवेदना व्यक्त करते हुए दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी इस मामले को विधान परिषद और अन्य मंचों पर उठाएगी ताकि पीड़ित परिवार को न्याय मिल सके।

क्षेत्र में भय और आक्रोश का माहौल

घटना के बाद से पूरे क्षेत्र में भय और आक्रोश का माहौल व्याप्त है। लोग यह सोचने को मजबूर हैं कि आखिर कब्र से शव निकालने जैसा घिनौना कृत्य किस मानसिकता का परिचायक है। स्थानीय लोग प्रशासन से जल्द से जल्द जांच पूरी कर सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।


हमारे व्हाट्सएप्प ग्रुप से जुड़ने के लिए नीचे लिंक पर क्लिक करें

https://chat.whatsapp.com/DuMQ0U5z85a0bIgrUgUMlU

Exit mobile version