Kushinagar News Desk: उत्तर प्रदेश के कुशीनगर जनपद में एक बार फिर वन्यजीवों के सड़क पर आ जाने से हादसा हुआ। मंगलवार को पनियहवा-नेबुआ मार्ग पर तेज़ रफ्तार में आ रही एक नीलगाय अचानक सड़क पर आ गई और एक टेम्पो से टकरा गई, जिससे टेम्पो पलट गया। हादसे में तीन लोग घायल हो गए, जिनमें से दो की हालत गंभीर है।
घटना के समय थाना क्षेत्र के केशवपट्टी गांव निवासी विजय रोज़ की तरह अपना टेम्पो चलाकर पनियहवा से नेबुआ की ओर सवारियां लेकर जा रहा था। रास्ते में अचानक एक नीलगाय सामने से तेज़ी से आई और टेम्पो से टकरा गई। टक्कर इतनी ज़ोरदार थी कि टेम्पो अनियंत्रित होकर पलट गया।
Read Also: Kushinagar News: खड्डा में चार पलटने से चार बुरी तरह जख्मी
इस दुर्घटना में सेवरही थाना क्षेत्र के शिव टोला निवासी सुरेंद्र निषाद (40 वर्ष), अंकुश (25 वर्ष) और नरकहवा गांव निवासी महेंद्र घायल हो गए।
गंभीर रूप से घायल दो यात्रियों को जिला अस्पताल रेफर
हादसे की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची एम्बुलेंस सेवा ने सभी घायलों को तुरंत तुर्कहां सीएचसी (सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र) पहुंचाया। जहां डॉक्टरों ने सुरेंद्र और अंकुश की स्थिति गंभीर पाते हुए उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया। वहीं महेंद्र की हालत स्थिर बताई जा रही है।
इस घटना के बाद ग्रामीणों में नीलगायों और अन्य वन्यजीवों के कारण हो रही दुर्घटनाओं को लेकर नाराजगी है। उनका कहना है कि प्रशासन को ऐसे मार्गों पर वन्यजीवों से सुरक्षा के इंतजाम करने चाहिए, जिससे सड़क हादसे रोके जा सकें।

