कुशीनगर: “हर घर तिरंगा” अभियान के अंतर्गत जनपद कुशीनगर में देशभक्ति की अलख जगाने के उद्देश्य से जिला पंचायत रिसोर्स सेंटर में जनपद स्तरीय तिरंगा मेला का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ बीज विकास निगम के उपाध्यक्ष (दर्जा प्राप्त मंत्री) राजेश्वर सिंह, जिलाधिकारी महेंद्र सिंह तंवर और अन्य गणमान्य अतिथियों द्वारा दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया।
राजेश्वर सिंह: “तिरंगा मेला युवाओं में देशभक्ति का जज्बा जगाएगा”
दर्जा प्राप्त मंत्री राजेश्वर सिंह ने कहा कि यह तिरंगा मेला युवाओं, छात्र-छात्राओं और सभी जनपदवासियों में देश के प्रति सच्ची निष्ठा, प्रेम और एकजुटता का भाव पैदा करेगा। उन्होंने हिंदू, मुस्लिम, सिख, ईसाई सभी को मिलकर देश की सेवा करने का आह्वान किया और आजादी के लिए चंद्रशेखर आजाद, राम प्रसाद बिस्मिल, भगत सिंह, अशफाकउल्लाह खान जैसे वीरों की कुर्बानियों को याद किया।
उन्होंने नारी सुरक्षा, किसानों की आय दोगुनी करने के प्रयास और एकरूपता लाने के महत्व पर बल देते हुए कहा—”जब हर भारतवासी के दिल में देशभक्ति और एकता का भाव होगा, तभी भारत फिर से सोने की चिड़िया बनेगा।”
डीएम महेंद्र सिंह तंवर: “8 लाख झंडों का होगा वितरण”
जिलाधिकारी महेंद्र सिंह तंवर ने बताया कि इस वर्ष स्वतंत्रता दिवस पर पूरे देश में लगभग 5 करोड़ झंडे फहराए जाएंगे। इसी क्रम में कुशीनगर में 8 लाख झंडों का वितरण कर हर घर में तिरंगा फहराने का लक्ष्य रखा गया है। उन्होंने कहा कि तिरंगा मेला समाज में एकरूपता और देशप्रेम की भावना को और मजबूत करेगा। साथ ही उन्होंने बताया कि कल पुलिस लाइन से भव्य तिरंगा यात्रा भी निकाली जाएगी।
भाजपा जिलाध्यक्ष दुर्गेश राय: “हम सब हिंदुस्तानी”
भाजपा जिलाध्यक्ष दुर्गेश राय ने कहा कि भारत देवताओं, ऋषियों और महापुरुषों की भूमि है। उन्होंने हजारों वर्षों के संघर्ष और लाखों बलिदानों के बाद मिली आजादी का स्मरण कराते हुए कहा—”यहां कोई हिंदू-मुस्लिम नहीं, हम सब हिंदुस्तानी हैं।” उन्होंने 2047 तक नए भारत के निर्माण का संकल्प लेने, स्वदेशी अपनाने और छोटे-छोटे बदलावों से बड़े परिणाम हासिल करने की अपील की।
Read more: कुशीनगर: ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत तिरंगा मेला और छायाचित्र प्रदर्शनी का आयोजन
पूर्व सैनिकों का सम्मान और सांस्कृतिक प्रस्तुतियां
इस अवसर पर जनपद के भूतपूर्व सैनिकों और उनके आश्रितों को सम्मानित किया गया। विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने काकोरी ट्रेन एक्शन, ऑपरेशन सिंदूर और आजादी के इतिहास से जुड़ी मनमोहक प्रस्तुतियां दीं।
विभागीय प्रदर्शनी ने खींचा ध्यान
तिरंगा मेले में संस्कृति विभाग, कृषि विभाग, उद्यान विभाग, खादी ग्रामोद्योग, पंचायती राज सहित कई विभागों ने अपनी प्रदर्शनी और स्टॉल लगाए, जिनमें विकास योजनाओं और स्वदेशी उत्पादों की जानकारी दी गई।
कार्यक्रम में मुख्य विकास अधिकारी गुंजन द्विवेदी, परियोजना निदेशक पीयूष कुमार, डीडीओ अरुण कुमार पाण्डेय, उपायुक्त उद्योग अभय कुमार सुमन, डीपीआरओ आलोक प्रियदर्शी सहित जिले के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

