कुशीनगर: पूर्वांचल निगम के प्रबंध निदेशक के निर्देश पर कुशीनगर के तरयासुजान और सेवरही क्षेत्र में शनिवार को बिजली विभाग ने मेगा ड्राइव चलाया। इस अभियान में बिजली चोरी और बकायेदारों पर कड़ी कार्रवाई की गई।
अभियान की अगुवाई अधिशासी अभियंता रमेश चंद्र के नेतृत्व में की गई। सरया फीडर के माधोपुर सहित दर्जनों मोहल्लों में सुबह से ही चेकिंग शुरू हो गई। इस दौरान दो उपभोक्ताओं को बिजली चोरी करते हुए पकड़ा गया, जिन पर एफआईआर दर्ज की जा रही है।
यह भी पढ़ें: गाजीपुर विद्युत विभाग की छापेमारी,12 उपभोक्ताओं के लोड बढ़ाए गए, 12 बड़े बकायेदारो के कनेक्शन काटे
इसके अतिरिक्त करीब 65 उपभोक्ताओं के बिजली कनेक्शन बकाया बिल के चलते विच्छेद कर दिए गए। इन उपभोक्ताओं पर करीब 15 लाख रुपये की बकाया राशि थी। मौके पर ही विभाग ने लगभग ₹5 लाख की वसूली भी की।
बिजली विभाग के अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि बकाया बिल जमा न करने वाले उपभोक्ताओं पर सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। प्रबंध निदेशक द्वारा डिस्कॉम से नामित अधिकारियों ने भी रेड की निगरानी की और कठोर कार्रवाई के निर्देश दिए।
मीटर रीडिंग में सुधार के लिए नया सिस्टम लागू
शाम 5:30 बजे मीटर रीडर्स की परेड कर उनके कार्यों की समीक्षा की गई। अब मीटर रीडिंग के समय फोटो खींचकर ऑटो ओसीआर और प्रोब के माध्यम से ही बिलिंग की जाएगी। इससे गलत बिलिंग की संभावनाएं पूरी तरह समाप्त हो जाएंगी। लापरवाही बरतने वाले मीटर रीडर्स को चेतावनी दी गई है कि यदि सुधार नहीं हुआ तो बर्खास्तगी की कार्रवाई की जाएगी।
अधिशासी अभियंता ने बताया कि अभियान लगातार चलता रहेगा। हर सप्ताह एक चयनित फीडर पर चेकिंग कर सख्त कार्रवाई की जाएगी। दस हजार रुपये से अधिक बकायेदारों के कनेक्शन विच्छेद किए जाएंगे और बिजली चोरी पर मुकदमे दर्ज होंगे।
ट्रांसफॉर्मर खराब होने की घटनाओं को कम करने के लिए फ्यूज सेट और टेललेस यूनिट लगाए जा रहे हैं। इससे पिछले वर्ष की तुलना में 50% तक ट्रांसफॉर्मर खराब होने की घटनाएं कम हुई हैं। विभाग भीषण गर्मी में सुचारु बिजली आपूर्ति बनाए रखने के लिए निरंतर प्रयासरत है।

