Site icon जनस्वराज हिंदी

हैंडपम्प से पानी भरते समय करंट की चपेट में आया बीए का छात्र मौके पर मौत,परिवार में मचा कोहराम

IMG 20260312 WA0005

अजित कुमार सिंह की रिपोर्ट,

नगसर । नगसर हाल्ट थाना क्षेत्र के असांव गांव में आज गुरुवार को एक बेहद दर्दनाक हादसा हो गया। हैंडपम्प से पानी भरते समय करंट की चपेट में आने से बीए के छात्र प्रज्वल उर्फ विकास कुमार गौंड (23) की मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया और पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
बताया जाता है कि प्रज्वल उर्फ विकास कुमार गौंड गुरुवार को भोजन करने के बाद घर में लगे सबमर्सिबल और हैंडपम्प से पानी भर रहा था। इसी दौरान अचानक हैंडपम्प में करंट प्रवाहित हो गया। करंट की चपेट में आते ही वह मौके पर ही अचेत होकर जमीन पर गिर पड़ा। परिवार के लोग आनन-फानन में उसे इलाज के लिए दिलदारनगर के एक निजी चिकित्सालय लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।युवक की मौत की खबर मिलते ही मां प्रीति देवी सहित अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। घर में चीख-पुकार मच गई और देखते ही देखते पूरे गांव में सन्नाटा पसर गया। सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण भी मौके पर पहुंच गए और शोक संवेदना व्यक्त की।परिजनों ने पुलिस को सूचना दिए बिना ही आवश्यक धार्मिक क्रियाकर्म के बाद शव का अंतिम संस्कार गंगा तट पर कर दिया। पिता पवन कुमार द्वारा अपने इकलौते पुत्र को मुखाग्नि देते समय वहां मौजूद लोगों की आंखें नम हो गईं। इस दर्दनाक हादसे ने पूरे परिवार को झकझोर कर रख दिया है।
मृतक के पिता पवन कुमार गौंड ने बताया कि प्रज्वल उनका इकलौता बेटा था। परिवार में 17 वर्षीय पुत्री अंजली भी है, जो पढ़ाई कर रही है।उन्होंने बताया कि प्रज्वल बीए का छात्र था और पढ़ाई में काफी होनहार था। एक वर्ष पहले उसने नेवी की परीक्षा भी पास की थी, लेकिन अपनी क्षमता को देखते हुए वह आगे की प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहा था।पवन कुमार ने बताया कि वह दूध की डेयरी चलाकर परिवार का पालन-पोषण करते हैं। बेटे की असमय मौत से परिवार पूरी तरह टूट गया है और सभी गहरे सदमे में हैं।नगसर हाल्ट के थानाध्यक्ष ओमप्रकाश ने बताया कि घटना की सूचना परिजनों की ओर से पुलिस को नहीं दी गई है। उन्होंने कहा कि यदि सूचना मिलती है तो मामले में विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी।

Exit mobile version