Site icon जनस्वराज हिंदी

सीबीएसई बॉक्सिंग में सनबीम स्कूल दिलदारनगर का शानदार प्रदर्शन, चार पदक जीते


सेवराई। सीबीएसई बॉक्सिंग चैंपियनशिप में सनबीम स्कूल दिलदारनगर देहवल के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए विद्यालय और क्षेत्र का नाम रोशन किया। खिलाड़ियों ने प्रतियोगिता में एक स्वर्ण, एक रजत और दो कांस्य पदक हासिल किए। इनमें दो खिलाड़ियों ने आगामी सीबीएसई नेशनल बॉक्सिंग चैंपियनशिप के लिए क्वालीफाई किया है। खिलाड़ियों की सफलता से विद्यालय परिवार में हर्ष का माहौल है।
बॉयज सीबीएसई बॉक्सिंग चैंपियनशिप का आयोजन 21 से 25 अगस्त तक डालिम्स सनबीम स्कूल, चकिया, चंदौली में हुआ। प्रतियोगिता के अंडर-17 के 60 किलोग्राम भारवर्ग में सनबीम स्कूल दिलदारनगर के अनुज कुमार गुप्ता ने शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक अपने नाम किया। इस उपलब्धि के साथ अनुज ने आगामी सीबीएसई नेशनल बॉक्सिंग चैंपियनशिप में अपना स्थान सुनिश्चित किया।
वहीं अंडर-17 के 54 किलोग्राम भारवर्ग में आर्यन सिंह तथा 48 किलोग्राम भारवर्ग में कैफ अंसारी ने कांस्य पदक हासिल कर विद्यालय का गौरव बढ़ाया। राष्ट्रीय स्तर पर अब अनुज कुमार गुप्ता अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। सीबीएसई नेशनल बॉक्सिंग चैंपियनशिप अक्टूबर में गुरुग्राम, हरियाणा में प्रस्तावित है, जिसमें देशभर से चयनित खिलाड़ी हिस्सा लेंगे।
इससे पहले 15 से 18 अगस्त तक न्यू एंजल्स सीनियर सेकेंडरी स्कूल, प्रतापगढ़ में आयोजित गर्ल्स सीबीएसई बॉक्सिंग चैंपियनशिप में भी सनबीम स्कूल की खिलाड़ी आरुषि सिंह ने शानदार प्रदर्शन किया। अंडर-17 के 54 किलोग्राम भारवर्ग में आरुषि ने रजत पदक जीतकर राष्ट्रीय चैंपियनशिप के लिए क्वालीफाई किया।
निरंतर अभ्यास और अनुशासन का परिणाम
विद्यालय के बॉक्सिंग कोच शशि भूषण सिंह ने खिलाड़ियों की सफलता को निरंतर अभ्यास, अनुशासन और कड़ी मेहनत का परिणाम बताया। उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों ने प्रतियोगिता के दौरान पूरे आत्मविश्वास के साथ मुकाबले किए और अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। राष्ट्रीय स्तर पर भी खिलाड़ी पूरी तैयारी और आत्मविश्वास के साथ बेहतर प्रदर्शन करने के लिए उतरेंगे।
चारों खिलाड़ियों की उपलब्धि पर विद्यालय के चेयरमैन के.पी. सिंह, निदेशक नवीन कुमार सिंह और प्रधानाचार्य दीपक कुमार साव सहित शिक्षकगण एवं विद्यालय परिवार ने खुशी जताई। सभी ने पदक विजेता खिलाड़ियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। विशेष रूप से अनुज कुमार गुप्ता और आरुषि सिंह को राष्ट्रीय चैंपियनशिप के लिए शुभकामनाएं दी गईं।
विद्यालय परिवार ने उम्मीद जताई कि दोनों खिलाड़ी राष्ट्रीय मंच पर भी शानदार प्रदर्शन करते हुए सनबीम स्कूल दिलदारनगर के साथ-साथ पूरे क्षेत्र का नाम रोशन करेंगे। खिलाड़ियों की इस उपलब्धि से विद्यालय के अन्य विद्यार्थियों में भी खेल के प्रति उत्साह बढ़ा है।

Exit mobile version