……हजारों यात्रियों को मिलेगी बड़ी राहत…..
सेवराई: (गाजीपुर) सांसद अफजाल अंसारी ने रेल यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए भदौरा रेलवे स्टेशन पर तीन प्रमुख एक्सप्रेस ट्रेनों के ठहराव की मांग की है। यह मांग दानापुर मंडल रेल प्रबंधक को भेजे गए एक विस्तृत प्रस्ताव में रखी गई है।
सांसद ने अपने पत्र में बताया कि भदौरा रेलवे स्टेशन दानापुर-पीडीडीयू रेलखंड पर स्थित है और पूर्वांचल के हजारों यात्रियों के लिए महत्वपूर्ण केंद्र है। फिर भी यहां कई बड़ी ट्रेनों का ठहराव न होने के कारण स्थानीय लोगों को बड़ी परेशानी का सामना करना पड़ता है।
प्रस्ताव में इन ट्रेनों के ठहराव की मांग की गई है:
मगध एक्सप्रेस (20801/20802)
पूर्वा एक्सप्रेस (12303/12304)
काशी जनशताब्दी एक्सप्रेस (15125/15126)
अफजाल अंसारी ने मंडल रेल प्रबंधक से अनुरोध किया है कि इन मांगों का त्वरित परीक्षण कर यात्रियों की सुविधा को प्राथमिकता देते हुए रेलवे बोर्ड से स्वीकृति दिलाने के लिए आवश्यक कार्रवाई की जाए।
क्षेत्रीय लोगों में खुशी की लहर
इस मांग से भदौरा, गहमर, सेवराई और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के हजारों यात्रियों को सीधा लाभ मिलने की उम्मीद है। लोगों को अब लंबी दूरी की यात्रा के लिए वाराणसी, पंडित दीन दयाल उपाध्याय जंक्शन या अन्य बड़े स्टेशनों पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा।
क्षेत्रीय जनता ने सांसद अफजाल अंसारी के इस जनहितैषी कदम की सराहना की है और उनका आभार व्यक्त किया है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि यह मांग स्वीकार हो जाती है तो पूर्वांचल के रेल यातायात को नई दिशा मिलेगी।
रेलवे प्रशासन से अब इस प्रस्ताव पर सकारात्मक कार्रवाई की उम्मीद जताई जा रही है।
