नगसर। स्थानीय क्षेत्र के नगसर–जमानीयां मार्ग पर बिसुनपुरा काली माता मंदिर के पास रात में एक बार फिर चोरी की घटना सामने आई है, जिसने नगसर थाना पुलिस की कार्यशैली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। दलित बस्ती निवासी और दोनों पैरों से विकलांग दुकानदार राजाराम की पान मसाला, गुटखा व बिस्कुट की दुकान की गुमती तोड़कर अज्ञात चोर लगभग आठ हजार रुपये का सामान चुरा ले गए।
सबसे चिंताजनक बात यह है कि दुकान खुलने के बाद से यह पांचवीं बार चोरी की घटना है, लेकिन इसके बावजूद न तो चोर पकड़े गए और न ही पुलिस ने कोई ठोस कदम उठाया। बार-बार हो रही चोरी की घटनाएं नगसर थाना की लापरवाही और ढिलाई को उजागर कर रही हैं।
घटना की सूचना पर 112 नंबर की पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन औपचारिक कार्रवाई कर वापस लौट गई। स्थानीय लोगों का आरोप है कि न तो गश्त बढ़ाई गई और न ही आसपास के संदिग्धों से पूछताछ की गई।
लगातार हो रही चोरी से क्षेत्र के दुकानदारों और ग्रामीणों में भारी आक्रोश है। लोगों का कहना है कि यदि जल्द ही रात्रि गश्त नहीं बढ़ाई गई और चोरों की गिरफ्तारी नहीं हुई, तो वे नगसर थाना पुलिस के खिलाफ उच्चाधिकारियों से शिकायत करने को मजबूर होंगे।
अब सवाल यह है कि क्या पुलिस किसी बड़ी घटना के बाद ही जागेगी?
विकलांग दुकानदार की गुमटी बनी चोरों का निशाना,हजारों रुपए के समान पर फेरा हाथ

