Site icon जनस्वराज हिंदी

रामगढ़ताल में महिला से अभद्रता, आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज

गोरखपुर: थाना रामगढ़ताल क्षेत्र स्थित काशी राम आवास योजना में एक महिला को परेशान करने और गाली-गलौज का मामला सामने आया है। आरोपी जोगेंद्र कुमार पीड़ित महिला के घर के सामने रहता है। आए दिन अश्लील हरकतें करता था और उसे अकेला देखकर अभद्र इशारे करता था। महिला का घर से निकला मुश्किल हो गया था।

पीड़िता के अनुसार, आरोपी रोज अश्लील हरकतें और अभद्र इशारे करता था। जब परिवार ने विरोध किया, तो उसने गालियां दीं और पति को मारने के लिए दौड़ा लिया…………

पीड़िता ने अपने शिकायत पत्र में कहा है कि वह अपने घर में अकेली रहती है क्योंकि उसका पति मजदूरी के सिलसिले में अक्सर बाहर रहता है और सास हॉस्पिटल में काम करने चली जाती है। इस बात का फायदा उठाकर जोगेंद्र कुमार उसे अश्लील इशारे और फब्तियां कसता था।

महिला ने यह भी बताया है कि जोगेंद्र अक्सर कहता था –”जब मैं घर से बाहर निकलता हूँ, तो यहां की औरतों में जोश भर जाता है!” महिला ने जब इस हरकत का विरोध किया, तो आरोपी और ज्यादा आक्रामक हो गया।

महिला की सास ने जब जोगेंद्र कुमार को डांटा और उसकी हरकतों के खिलाफ कड़ा विरोध किया, तो आरोपी नाराज हो गया। 26 फरवरी 2025 की रात करीब 8 बजे, जोगेंद्र कुमार महिला के दरवाजे पर पहुंचा और जोर-जोर से गंदी-गंदी गालियां देने लगा। उसने महिला को बाहर आने के लिए उकसाया और धमकी दी। डरी हुई महिला ने दरवाजा नहीं खोला और अंदर ही रही। जब उसका पति मजदूरी से लौटा और आरोपी से गाली देने का कारण पूछा, तो जोगेंद्र और ज्यादा आक्रामक हो गया। उसने महिला के पति को मारने के लिए दौड़ा लिया। स्थिति बिगड़ती देख पति-पत्नी घर में छिप गए और किसी तरह अपनी जान बचाई।

इस घटना के बाद पीड़ित परिवार लगातार डर के साए में जी रहा है। महिला का कहना है कि अब घर से बाहर निकलना भी मुश्किल हो गया है क्योंकि आरोपी किसी भी वक्त कोई गंभीर घटना को अंजाम दे सकता है।

लगातार बढ़ते उत्पीड़न से परेशान होकर 1 मार्च 2025 को महिला और उसके पति ने थाना रामगढ़ताल में आरोपी जोगेंद्र कुमार के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी के खिलाफ धारा 75(1)(iv) और 352 के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है।

Exit mobile version