सेवराई ।स्थानीय तहसील परिसर में मंगलवार को राजभर समाज के लोगों ने अपनी लंबे समय से लंबित मांगों को लेकर एक दिवसीय धरना-प्रदर्शन किया। समाज के लोगों ने अनुसूचित जनजाति (एसटी) में शामिल किए जाने की मांग को प्रमुखता से उठाते हुए पाँच सूत्रीय मांगपत्र तैयार कर उपजिलाधिकारी के माध्यम से मुख्यमंत्री को सौंपा
।
धरना स्थल पर बड़ी संख्या में जुटे राजभर समाज के लोगों ने आरोप लगाया कि सरकार द्वारा बार-बार आश्वासन दिए जाने के बावजूद राजभर समाज को अभी तक उचित सामाजिक व शैक्षणिक सुविधाएँ नहीं मिल सकी हैं। उनका कहना था कि ऐतिहासिक व सामाजिक आधार पर राजभर समाज को एसटी सूची में शामिल किया जाना न्यायपूर्ण है, जिससे उन्हें शिक्षा, रोजगार और सामाजिक समानता के अवसर मिल सकें।
नेताओं ने कहा कि जब तक सरकार उनकी मांगों पर ठोस निर्णय नहीं लेती, आंदोलन चरणबद्ध रूप से जारी रहेगा। धरना में शामिल वक्ताओं ने चेतावनी दी कि समुदाय की उपेक्षा अब बर्दाश्त नहीं की जाएगी और आवश्यकता पड़ने पर व्यापक आंदोलन की रणनीति भी तैयार की जाएगी।
कार्यक्रम का नेतृत्व विभिन्न स्थानीय पदाधिकारियों एवं समाज के प्रतिनिधियों ने किया। धरने में उपस्थित प्रमुख लोगों में मुन्नीलाल राजभर, राधेश्याम, रणजीत, मुन्ना, प्रदीप, कामेश्वर, कृष्णमुरारी, सत्यदेव, अंतु राजभर, परशुराम राजभर, गुलाब राजभर आदि शामिल रहे।

