Site icon जनस्वराज हिंदी

भीषण सड़क हादसे में बोर्ड परीक्षा देने जा रहे एक छात्र की मौत, दूसरा जिंदगी और मौत से कर रह संघर्ष

IMG 20260223 WA0017

 

 

 

अजित कुमार सिंह 

नगसर।नगसर हाल्ट थाना क्षेत्र के नूरपुर गांव के समीप आज सोमवार को एक भीषण सड़क हादसा हो गया। बाइक से हाईस्कूल बोर्ड की परीक्षा देने जा रहे दो किशोरों को सामने से आ रही एक अनियंत्रित स्कूली बस ने जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में एक छात्र की मौत हो गई, जबकि दूसरा जिंदगी और मौत के बीच संघर्ष कर रहा है।प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों किशोर सड़क पर दूर जा गिरे। घटना की सूचना मिलते ही ग्रामीणों की भारी भीड़ मौके पर जुट गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों घायलों को तत्काल एम्बुलेंस से अस्पताल भिजवाया।अस्पताल में चिकित्सकों ने बेटाबर खुर्द निवासी 15 वर्षीय संदीप कुशवाहा को मृत घोषित कर दिया। वहीं चकमेदनी नम्बर दो निवासी 16 वर्षीय मान सिंह का इलाज गंभीर अवस्था में चल रहा है।मृतक संदीप कुशवाहा अपने पिता सुखदेव सिंह कुशवाहा का इकलौता और सबसे बड़ा पुत्र था। परिवार में दो छोटी बहनें अंजली और प्रतिमा हैं। बेटे की मौत की खबर मिलते ही मां सोनी देवी का रो-रोकर बुरा हाल है। परिजन बिलखते हुए अस्पताल पहुंचे।पिता ने बताया कि सोमवार को हाईस्कूल परीक्षा का तीसरा दिन था। पहले दो दिन संदीप साइकिल से परीक्षा देने गया था, लेकिन आज वह अपने दोस्त के साथ बाइक से जा रहा था। किसे पता था कि यह सफर उसकी जिंदगी का आखिरी सफर बन जाएगा।पिता की आंखों से आंसू थमने का नाम नहीं ले रहे थे। उन्होंने बताया, “मेरा बेटा पढ़ाई में बहुत तेज था। हमेशा कहता था कि पढ़-लिखकर बड़ा आदमी बनूंगा। आज उसके सारे सपने अधूरे रह गए।”थानाध्यक्ष ओमप्रकाश ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। दुर्घटना में शामिल बस को पुलिस ने कब्जे में ले लिया है, जबकि चालक मौके से फरार हो गया। उसकी तलाश में दबिश दी जा रही है। पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है।

Exit mobile version