Site icon जनस्वराज हिंदी

भदौरा स्टेशन पर एक्सप्रेस ट्रेनों के ठहराव की मांग तेज

Oplus

oplus_131072

 

 

सेवराई। पंडित दीनदयाल उपाध्याय-दानापुर रेलखंड पर स्थित भदौरा रेलवे स्टेशन पर सुबह के समय पूरब दिशा की ओर जाने वाली एक्सप्रेस ट्रेनों के ठहराव की मांग तेज हो गई है। स्थानीय यात्रियों में इस बात को लेकर नाराजगी है कि स्टेशन पर किसी भी महत्वपूर्ण एक्सप्रेस या मेल ट्रेन का ठहराव नहीं होता, जिससे उन्हें काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।

भदौरा रेलवे स्टेशन सेवराई तहसील और भदौरा ब्लॉक क्षेत्र के हजारों लोगों के लिए एक प्रमुख आवागमन का केंद्र है। इसके बावजूद, सुबह के समय पटना, भागलपुर और बिहार की ओर जाने वाले यात्रियों के लिए सीधी ट्रेन सुविधा उपलब्ध नहीं है। ऐसे में लोगों को ट्रेन पकड़ने के लिए दिलदारनगर या पंडित दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन तक जाना पड़ता है।

स्थानीय नागरिकों जैसे सुधाकर यादव, मोनू सिंह युवराज, उमा श्रीवास्तव, सचिन जायसवाल और चंद्रशेखर मिश्रा ने बताया कि इस समस्या को लेकर रेलवे अधिकारियों से कई बार मांग की जा चुकी है। हालांकि, अब तक इस दिशा में कोई ठोस पहल नहीं हुई है।

यात्रियों ने रेलवे प्रशासन से ट्रेन संख्या 12303/04 पूर्वा एक्सप्रेस, 22361/62 नई दिल्ली-राजेंद्रनगर अमृत भारत एक्सप्रेस और 12367/68 विक्रमशीला एक्सप्रेस का ठहराव भदौरा रेलवे स्टेशन पर सुनिश्चित करने की मांग की है। उनका तर्क है कि इन ट्रेनों के रुकने से क्षेत्र के 40 से अधिक गांवों के हजारों यात्रियों को सीधा लाभ मिलेगा। इससे स्थानीय व्यापार और आवागमन को भी गति मिलेगी।

इस संबंध में फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया उद्योग व्यापार मंडल के नेतृत्व में मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम) को एक ज्ञापन भेजा गया है। ज्ञापन सौंपने वालों में आशुतोष जायसवाल, विजय जायसवाल, बलवंत कुशवाहा, सोनू वर्मा और शंकर गुप्ता सहित कई लोग शामिल थे।

स्टेशन अधीक्षक सचिन कुमार सिंह ने जानकारी दी है कि यात्रियों की इस मांग से उच्चाधिकारियों को अवगत करा दिया गया है। उन्होंने बताया कि इस संबंध में आगे का निर्णय रेलवे प्रशासन के उच्च स्तर से लिया जाएगा।

Exit mobile version