Site icon जनस्वराज हिंदी

भदौरा सीएचसी का वाराणसी से आए जांच अधिकारी ने किया गहन निरीक्षण, मौजूद संसाधनों एवं व्याप्त कमियों का बारीकी से लिया जायजा

IMG 20260111 WA0097

 

सेवराई। तहसील क्षेत्र के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) भदौरा पर वाराणसी से आए जांच एवं मूल्यांकन अधिकारी चंद्रिका प्रसाद मौर्य ने रविवार को अस्पताल की व्यवस्थाओं का गहन निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने 30 बेड वाले इस महत्वपूर्ण स्वास्थ्य केंद्र में शासन द्वारा उपलब्ध कराई गई सुविधाओं, मौजूद संसाधनों एवं व्याप्त कमियों का बारीकी से जायजा लिया।

जांच अधिकारी ने अस्पताल के ओपीडी कक्ष, दवा वितरण कक्ष, दंत चिकित्सक कक्ष, शौचालय, पेयजल व्यवस्था, जनरेटर सेवा, पुरुष व महिला वार्ड, सिजेरियन की सुविधा, उससे जुड़े उपकरणों सहित अन्य बिंदुओं पर सीएचसी प्रभारी चिकित्सा अधिकारी डॉ. धनंजय आनंद से विस्तृत जानकारी प्राप्त की।

उन्होंने बताया कि जनसामान्य के रोगों की रोकथाम एवं बेहतर उपचार के उद्देश्य से शासन द्वारा विभिन्न योजनाओं के अंतर्गत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों को अतिरिक्त बजट प्रदान कर अत्याधुनिक रूप से विकसित किया जा रहा है। इसी क्रम में उन्होंने अस्पताल परिसर में निर्माणाधीन 50 बेड के कोविड वार्ड का भी निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान जनरेटर संचालन न होने तथा शासन से मिलने वाली सुविधाओं में कथित कटौती को लेकर पूछे गए सवालों के जवाब में जांच अधिकारी ने कहा कि सीएचसी का गहन निरीक्षण किया गया है और समस्त तथ्यों के आधार पर रिपोर्ट शासन को भेज दी जाएगी।

वहीं भदौरा क्षेत्र के कई सीएचओ सेंटरों के बंद रहने तथा दिलदारनगर में तैनात स्वास्थ्य कर्मियों के स्थान पर सेवानिवृत्त कर्मियों द्वारा प्रसव कराए जाने के मामलों पर पूछे जाने पर उन्होंने इसकी भी विस्तृत रिपोर्ट शासन को भेजने का आश्वासन दिया।

जांच अधिकारी के आगमन से सीएचसी के अधिकारियों एवं स्वास्थ्य कर्मियों में दिनभर हड़कंप की स्थिति बनी रही।
इस मौके पर सीएचसी प्रभारी डॉ. धनंजय आनंद सहित अन्य चिकित्सक एवं स्वास्थ्य कर्मी उपस्थित रहे।

Exit mobile version