Site icon जनस्वराज हिंदी

भदौरा ब्लॉक के नए भवन निर्माण की तैयारी तेज, मिट्टी परीक्षण शुरू

IMG 20260527 WA0037

सेवराई। तहसील क्षेत्र के भदौरा ब्लॉक परिसर में नए ब्लॉक भवन निर्माण की दिशा में प्रक्रिया तेज हो गई है। भवन निर्माण से पूर्व आवश्यक तकनीकी औपचारिकताओं के तहत कार्यदाई संस्था द्वारा बुधवार को मिट्टी परीक्षण (सॉयल टेस्टिंग) का कार्य किया गया।

इस दौरान कार्यदाई संस्था की टीम ने प्रस्तावित भवन स्थल के पीछे दो अलग-अलग स्थानों से मिट्टी के नमूने एकत्र कर जांच के लिए भेजे। मौके पर खंड विकास अधिकारी भदौरा के.के. सिंह एवं जेई प्रवीण कुमार उपस्थित रहकर कार्य का निरीक्षण करते रहे।

खंड विकास अधिकारी के.के. सिंह ने बताया कि नए ब्लॉक भवन निर्माण के लिए निर्धारित मानकों के अनुरूप मिट्टी परीक्षण कराया जा रहा है। जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद आगे की प्रक्रिया पूरी कर निर्माण कार्य शीघ्र शुरू कराया जाएगा।

उन्होंने बताया कि नए भवन के निर्माण से ब्लॉक मुख्यालय की कार्यप्रणाली और सुविधाओं में सुधार होगा तथा लोगों को बेहतर प्रशासनिक सेवाएं उपलब्ध कराई जा सकेंगी।

मौके पर ग्राम प्रधान प्रतिनिधि अजय सिंह, साकिब शब्बीर खान, अनिल यादव, नरेंद्र प्रताप सिंह, सचिव नगीना राम, नितेश कुमार समेत अन्य लोग मौजूद रहे।

Exit mobile version