….एक महीने से अधिक समय बीत जाने के बाद भी न तो चौड़ीकरण का काम पूरा किया और न ही गड्डों में गिट्टी डालकर रोलिंग की गई….
सेवराई।तहसील क्षेत्र के भदौरा-दिलदारनगर मुख्य मार्ग पर लोक निर्माण विभाग की लापरवाही से यातायात व्यवस्था बाधित हो गई। विभाग ने सड़क चौड़ीकरण के लिए दोनों किनारों पर गड्ढे खोद दिए, लेकिन एक महीने से अधिक समय बीत जाने के बाद भी न तो चौड़ीकरण का काम पूरा किया और न ही गड्डों में गिट्टी डालकर रोलिंग की गई।
डेढ़ किलोमीटर लंबा जाम
बुधवार को इसी मार्ग पर फरीदपुर गांव के समीप एक ट्रेलर का एक्सल टूट गया। इससे करीब डेढ़ किलोमीटर लंबा जाम लग गया। बड़े वाहन जाम में फंस गए। छोटे वाहन चालक मुश्किल से इधर-उधर से निकलकर अपने गंतव्य की ओर जा सके। जाम की स्थिति करीब दो घंटे तक बनी रही।
स्थानीय लोगों का कहना है कि खराब सड़क के कारण आए दिन वाहन दुर्घटनाग्रस्त हो रहे हैं।लोगों ने विभाग से गड्डों में गिट्टी भरकर रोलिंग करने की मांग की है। उनका कहना है कि अगर जल्द ही समस्या का समाधान नहीं किया गया तो वे धरना-प्रदर्शन करेंगे। यह मार्ग जमनिया तहसील को सेवराई तहसील मुख्यालय से जोड़ता है।

