सेवराई।तहसील क्षेत्र के ग़हमर थाना अंतर्गत एक गांव
में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक प्रेमी युगल ने कथित तौर पर जहर खा लिया, जिससे प्रशासन और परिजनों में अफरा-तफरी मच गई। दोनों को गंभीर हालत में सीएचसी भदौरा पहुंचाया गया, जहां से प्राथमिक इलाज के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
*प्रेमी युगल के बारे में जानकारी*
प्रेमी युगल गहमर थाना क्षेत्र के एक गांव का रहने वाला है। युवती चंदौली जनपद के धानापुर थाना क्षेत्र स्थित अपने ननिहाल में रह रही थी। दोनों बीते बुधवार को फरार हो गए थे, जिसके बाद युवती के पिता ने गहमर थाना पहुंचकर पूरे मामले की जानकारी दी और कार्रवाई की मांग की।
*पुलिस की कार्रवाई*
गहमर पुलिस ने युवक के पिता को थाने पर बुलाकर दोनों को हाजिर कराने का दबाव बनाया। इसके बाद शुक्रवार सुबह करीब 10 बजे प्रेमी युगल को लड़के के पिता द्वारा पुलिस चौकी सेवराई पर प्रस्तुत किया गया। दोपहर करीब एक बजे दोनों की अचानक तबीयत बिगड़ने लगी, और उन्होंने बताया कि उन्होंने जहर खा लिया है।
*अस्पताल में भर्ती*
पुलिस ने तत्काल दोनों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) भदौरा लाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर देखते हुए उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। लड़की के पास से जहरीली दवा भी बरामद हुई।
*पुलिस का बयान*
गहमर थाना प्रभारी शैलेश मिश्रा का कहना है कि प्रेमी युगल ने पुलिस हिरासत में जहर नहीं खाया, बल्कि वे पहले से ही जहर खाकर आए थे। धानापुर थाना प्रभारी निरीक्षक संदीप गुप्ता ने बताया कि युवती के पिता की ओर से तहरीर प्राप्त हुई है, परंतु जहर खाने की घटना की उन्हें जानकारी नहीं है। दोनों की हालत पर पुलिस नजर रखे हुए है और कानूनी प्रक्रिया के तहत आगे की कार्रवाई कर रही है ।

