सेवराई। तहसील अंतर्गत विकासखंड भदौरा में नेशनल मिशन ऑन नेचुरल फार्मिंग योजना के तहत गौ आधारित प्राकृतिक खेती का प्रशिक्षण दिया गया। इस योजना के अंतर्गत विकासखंड में 4 क्लस्टर बनाए गए हैं।
प्रत्येक क्लस्टर 50 हेक्टेयर का है, जिसमें किसान एक-एक एकड़ में खेती करेंगे। क्लस्टर में किसानों को मार्गदर्शन, तकनीकी जानकारी और प्रबंधन की जिम्मेदारी कृषि सखियों को दी गई है। सभी कृषि सखियों को कृषि विज्ञान केंद्र गाजीपुर में प्रशिक्षित किया गया है।
भदौरा में पथरा, मिश्रावलिया, पचौरी और भदौरा कुल चार गांव में क्लस्टर स्थापित किए गए हैं। हर क्लस्टर में दो कृषि सखियां नियुक्त की गई हैं। प्रशिक्षण कार्यक्रम में सभी क्लस्टर की कृषि सखियां और किसान शामिल हुए।
कार्यक्रम में सहायक विकास अधिकारी कृषि, खंड तकनीकी प्रबंधक सच्चिदानंद पांडेय, सहायक तकनीकी प्रबंधक श्याम सुंदर सिंह और वीरेंद्र सिंह मौजूद रहे। इसके अलावा महिला कृषक संगीता देवी, सविता देवी, सुषमा, शकुंतला देवी, मुन्ना कुमार और दीपक सिंह सहित अन्य किसानों ने भी भाग लिया।

