सेवराई। तहसील क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम निरहू का पूरा में बच्चों को जल्द ही खेल मैदान की सुविधा मिलने वाली है। ग्रामीणों और ग्राम प्रधान की मांग पर हल्का लेखपाल उपेंद्र कुमार और ग्राम प्रधान प्रतिनिधि बलिराम यादव द्वारा नोबल स्कूल के पास शहीद दादा की मजार के निकट भूमि चिह्नित कर उसकी पैमाइश की गई।
*डेढ़ बीघा जमीन चिह्नित*
इस दौरान डेढ़ बीघा जमीन को खेल मैदान के लिए चिन्हित किया गया और जमीन की सीमा निर्धारित करने के लिए खूंटे गाड़ दिए गए हैं। ग्राम प्रधान प्रतिनिधि बलिराम यादव ने बताया कि बरसात के मौसम के बाद इस जमीन पर मिट्टी भराई का काम शुरू होगा, जिससे बच्चों के लिए एक उपयुक्त खेल मैदान तैयार हो जाएगा।
*ग्रामीणों में खुशी का माहौल*
खेल मैदान मिलने की खबर से गांव के ग्रामीणों में खुशी का माहौल है। यह मैदान गांव के बच्चों के लिए खेल सुविधाओं को बेहतर बनाने में मददगार साबित होगा। ग्राम प्रधान प्रतिनिधि ने बताया कि इस खेल मैदान से बच्चों को खेलने के लिए एक सुरक्षित और उपयुक्त स्थान मिलेगा, जिससे उनके शारीरिक और मानसिक विकास में मदद मिलेगी।

