Site icon जनस्वराज हिंदी

निबंधन कार्यालय के निजीकरण के विरोध में अधिवक्ताओं की कलमबंद हड़ताल कल

निबंधन कार्यालय के निजीकरण के विरोध में अधिवक्ताओं की कलमबंद हड़ताल कल

सेवराई। बार एसोसिएशन तहसील सेवराई की एक अति आवश्यक बैठक सोमवार को अध्यक्ष पारस राम की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में तहसील सेवराई के समस्त स्टाम्प वेंडरों द्वारा बार एसोसिएशन को सामूहिक प्रार्थना पत्र प्रस्तुत किया गया।

बैठक में बताया गया कि प्रदेशभर के अधिवक्तागण एवं दस्तावेज लेखक उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा निबंधन कार्यालय के निजीकरण तथा धारा-34 की फाइलों में अभियान के नाम पर कथित रूप से विधि-विरुद्ध एवं अनियमित तरीके से दिए जा रहे आदेशों का विरोध कर रहे हैं। इस मुद्दे पर बार एसोसिएशन के सदस्यों ने विस्तृत चर्चा करते हुए प्रदेश सरकार की नीति पर नाराजगी व्यक्त की और निबंधन कार्यालय के निजीकरण का घोर विरोध किया।

बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि निजीकरण के विरोध तथा धारा-34 के मामलों में गुणवत्तापूर्ण एवं विधिसम्मत आदेश न होने के विरोध स्वरूप मंगलवार को तहसील क्षेत्र के समस्त अधिवक्ता, स्टाम्प वेंडर, दस्तावेज लेखक एवं मुंशी न्यायिक कार्य तथा निबंधन संबंधी कार्यों से पूर्ण रूप से विरत रहेंगे।

बार एसोसिएशन ने सभी संबंधित लोगों से कलमबंद हड़ताल को सफल बनाने में सहयोग करने की अपील की है। बैठक में बड़ी संख्या में अधिवक्ता, स्टाम्प वेंडर एवं दस्तावेज लेखक उपस्थित रहे।

Exit mobile version