Site icon जनस्वराज हिन्दी

तीन किशोरियों को भगाने का आरोपी गिरफ्तार, तीनों सकुशल बरामद

IMG 20260813 WA0048

 

अजित कुमार सिंह 

नगसर। नगसर हाल्ट थाना पुलिस ने तीन किशोरियों को बहला-फुसलाकर भगाने के मामले में वांछित 19 वर्षीय आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने गुरुवार को नगसर हाल्ट रेलवे स्टेशन के समीप घेराबंदी कर आरोपी को दबोचने के साथ ही तीनों किशोरियों को सकुशल बरामद कर लिया। आरोपी के कब्जे से एक मोबाइल फोन भी बरामद हुआ है।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान चंदौली जिले के कंदवा थाना क्षेत्र के कपसिया निवासी ओमकार उर्फ मिथुन (19) के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, सात अगस्त को नगसर हाल्ट थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी व्यक्ति ने तहरीर देकर आरोप लगाया था कि क्षेत्र में मजदूरी करने वाला ओमकार उर्फ मिथुन उनकी तीनों पुत्रियों को बहला-फुसलाकर अपने साथ भगा ले गया है। तहरीर के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर किशोरियों की तलाश शुरू कर दी थी।
इसी क्रम में गुरुवार को पुलिस को आरोपी के नगसर हाल्ट स्टेशन के आसपास मौजूद होने की सूचना मिली। सूचना पर पुलिस टीम ने घेराबंदी कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया और उसकी निशानदेही पर तीनों किशोरियों को सकुशल बरामद किया।
थानाध्यक्ष धीरेन्द्र कुमार सोनकर ने बताया कि आरोपी का संबंधित धाराओं में चालान कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे 14 दिनों की न्यायिक हिरासत में जिला कारागार भेज दिया गया। बरामद किशोरियों को मेडिकल परीक्षण और मजिस्ट्रेट के समक्ष बयान दर्ज कराने के लिए भेजा गया है।
कार्रवाई करने वाली टीम में थानाध्यक्ष धीरेन्द्र कुमार सोनकर, उपनिरीक्षक लालता प्रसाद यादव, हेड कांस्टेबल मोहम्मद हारूल, कांस्टेबल चन्द्रदेव और महिला कांस्टेबल प्रीती शामिल रहीं।

Exit mobile version