Site icon जनस्वराज हिंदी

ताड़ीघाट बार मुख्य मार्ग एनएच-124सी पर भीषण हादसा, पिकअप की टक्कर से टेंपो खाई में गिरा, छह गंभीर घायल

IMG 20260118 WA0025

 

सेवराई। गहमर कोतवाली क्षेत्र के देवकली गांव के समीप नेशनल हाईवे-124सी पर रविवार को एक तेज रफ्तार पिकअप और टेंपो की जोरदार टक्कर हो गई। हादसा इतना भीषण था कि टेंपो सवार करीब छह लोग गंभीर रूप से घायल हो गए और टेंपो सड़क किनारे लगभग 10 फीट गहरी खाई में जा गिरा। दुर्घटना के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई।

घायलों की चीख-पुकार सुनते ही आसपास के ग्रामीण व राहगीर मौके पर पहुंच गए। ग्रामीणों की मदद से खाई में गिरे टेंपो से सभी घायलों को बाहर निकाला गया और तत्काल इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भदौरा भेजा गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, रेवतीपुर निवासी अजय यादव (42) पुत्र स्वर्गीय लाल बिहारी टेंपो लेकर गहमर से भदौरा की ओर जा रहे थे। जैसे ही वाहन देवकली गांव के समीप पहुंचा, तभी पीछे से आ रही तेज रफ्तार और अनियंत्रित पिकअप ने टेंपो में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर के बाद टेंपो सवारियों समेत सड़क से फिसलते हुए खाई में जा गिरा, जिससे वाहन के परखच्चे उड़ गए।

हादसे में टेंपो चालक सहित सभी सवार गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों में प्रमुख रूप से संगीता कुमारी (करहिया), राधिका देवी (बकैनिया), रामलाल चौधरी (करेला, बिहार) और सोनाली (करहिया) शामिल हैं। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भदौरा में चिकित्सकों ने सभी घायलों का प्राथमिक उपचार किया, जहां टेंपो चालक की हालत गंभीर बताई जा रही है।

इस संबंध में गहमर कोतवाल प्रमोद कुमार सिंह ने बताया कि फिलहाल मामला उनके संज्ञान में नहीं है। तहरीर मिलने पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। घटना के संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है।

Exit mobile version