सेवराई।तहसील क्षेत्र के गहमर थाना पुलिस ने महिला से झुमका लूट के मामले का खुलासा करते हुए सोमवार शाम एक आरोपी को गिरफ्तार किया। पुलिस ने उसके कब्जे से चोरी किए गए झुमके भी बरामद कर लिए हैं। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर चलाए जा रहे अपराध नियंत्रण अभियान के तहत की गई।
अपर पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) और क्षेत्राधिकारी जमानियां के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक गहमर के नेतृत्व में अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए अभियान चलाया जा रहा था। इसी क्रम में चौकी प्रभारी सेवराई उपनिरीक्षक विपिन कुमार सिंह अपनी टीम के साथ क्षेत्र में गश्त कर रहे थे।
गश्त के दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि थाना गहमर में दर्ज मुकदमा संख्या 43/2026, धारा 303(2) बीएनएस से संबंधित आरोपी भदौरा रेलवे क्रॉसिंग से स्टेशन की ओर जा रहा है।
सूचना पर पुलिस टीम ने भदौरा रेलवे स्टेशन के बाहर दुर्गा मंदिर के पास घेराबंदी कर आरोपी उदय नारायण राम को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपी उदय नारायण राम, बलिराम का पुत्र और रेवतीपुर भीष्म राय पट्टी, थाना रेवतीपुर, जनपद गाजीपुर का निवासी है। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने चोरी के दो कर्णफूल (एक जोड़ी) पीली धातु के बरामद किए।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धारा 303 (2) एवं 317 (2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। गिरफ्तारी टीम में उपनिरीक्षक विपिन कुमार सिंह के साथ कांस्टेबल शिवा कुमार और कांस्टेबल सुशील कुमार शामिल रहे।
इस संबंध में गहमर कोतवाल प्रमोद कुमार सिंह ने बताया कि आरोपी को गिरफ्तार कर आगे की आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।

