Site icon जनस्वराज हिंदी

जिलाधिकारी ने ग़हमर के नरवा गंगा घाट पर निर्माणाधीन बोल्डर कार्य का किया निरीक्षण

IMG 20260512 WA0038

सेवराई। गहमर क्षेत्र के नरवा गंगा घाट के समीप निर्माणाधीन बोल्डर कार्य का निरीक्षण करने मंगलवार को जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला पहुंचे। इस दौरान उन्होंने कार्य की प्रगति का जायजा लिया तथा संबंधित अधिकारियों एवं कार्यदायी संस्था को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। जिलाधिकारी के दौरे को लेकर अधिकारियों और कर्मचारियों में पूरे समय हलचल बनी रही।

ज्ञात हो कि गंगा कटान के कारण गहमर के तटवर्ती क्षेत्रों की काफी भूमि नदी में समाहित हो चुकी है। कटान की गंभीरता को देखते हुए ओम प्रकाश सिंह के प्रयास से शासन स्तर से बोल्डर लगाने के कार्य की स्वीकृति मिली थी। इसके बाद नरवा गंगा घाट एवं सौजवा घाट पर बोल्डर कार्य का शिलान्यास कर निर्माण कार्य शुरू कराया गया।

निरीक्षण के दौरान कार्यदायी संस्था के प्रतिनिधियों ने जिलाधिकारी को अवगत कराया कि डीजल की कमी के कारण कार्य प्रभावित हो रहा है। इस पर जिलाधिकारी ने एसडीएम सेवराई को आवश्यक निर्देश देते हुए पर्याप्त मात्रा में डीजल उपलब्ध कराने की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा, ताकि निर्माण कार्य में किसी प्रकार की बाधा न आए।

निरीक्षण के बाद जिलाधिकारी के जिला मुख्यालय के लिए रवाना होते ही संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों ने राहत की सांस ली।

इस अवसर पर एसडीएम सेवराई संजय यादव, खंड विकास अधिकारी भदौरा के.के. सिंह सहित तहसील के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

Exit mobile version