Site icon जनस्वराज हिंदी

जमानिया विधायक के गांव में बिजली विभाग का जबरदस्त कार्रवाई, एसडीओ व जेई ने चलाया चेकिंग अभियान ग्रामीणों में हड़कंप

IMG 20250614 WA0043

 

सेवराई।तहसील के स्थानीय गांव में बिजली विभाग की ओर से शनिवार को एक बड़ी कार्रवाई की गई। क्षेत्र के उत्तर मुहल्ला को विभाग ने ‘हॉटस्पॉट’ घोषित करते हुए एसडीओ अमित कुमार सिंह व अवर अभियंता (जेई) की अगुवाई में सघन जांच अभियान चलाया गया। विभाग की इस कार्रवाई की भनक लगते ही ग्रामीणों में हड़कंप मच गया।
एसडीओ अमित कुमार सिंह ने बताया कि उत्तर मुहल्ला क्षेत्र में लगे 100 केवीए के ट्रांसफार्मर पर कनेक्शन से अधिक लोड डाला जा रहा है, जिससे वह बार-बार जल जा रहा है और स्थानीय लोगों को बार-बार बिजली कटौती का सामना करना पड़ रहा है। लगातार ट्रांसफार्मर जलने की शिकायतों और उपभोक्ताओं की समस्याओं को देखते हुए विभाग ने इस क्षेत्र को ‘हॉटस्पॉट’ घोषित किया है।
जांच अभियान के दौरान बिजली विभाग की टीम ने घर-घर जाकर विद्युत कनेक्शनों की जांच की। इस दौरान कई उपभोक्ताओं द्वारा अनाधिकृत तरीके से विद्युत उपयोग करने की बात सामने आई। कुछ स्थानों पर बिना मीटर के सीधा लाइन से बिजली ली जा रही थी, तो कहीं दो ट्रांसफार्मर से एक ही घर में कनेक्शन पर लेने के कारण बार बार ट्रांसफार्मर जलने की घटना हो रही है ।
विभाग ने मौके पर ही कई उपभोक्ताओं को चेतावनी देते हुए अनियमितताओं के लिए नोटिस थमाया और उनसे तत्काल वैध कनेक्शन लेने के निर्देश दिए। वहीं, जिन उपभोक्ताओं के पास बिजली कनेक्शन नहीं है, उन्हें भी नियमानुसार कनेक्शन लेने को कहा गया है।
एसडीओ श्री सिंह ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि जिन लोगों ने अब तक बिजली कनेक्शन नहीं लिया है और चोरी से बिजली का उपयोग कर रहे हैं, उनके खिलाफ विद्युत अधिनियम के तहत कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि विभाग की यह मुहिम आगे भी जारी रहेगी और विद्युत अनियमितताओं पर किसी भी तरह की ढिलाई नहीं बरती जाएगी।
बिजली विभाग ने ग्रामीणों से अपील की है कि वे समय रहते वैध कनेक्शन लें और अनधिकृत लोड न जोड़ें। इससे न सिर्फ ट्रांसफार्मर की उम्र बढ़ेगी, बल्कि क्षेत्र में बिजली आपूर्ति भी सुचारू रूप से जारी रहेगी।

Exit mobile version