Site icon जनस्वराज हिंदी

चंदन सिंह मौत मामले में एक और नामजद गिरफ्तार, अब तक पांच आरोपी जेल भेजे

 

सेवराई। गहमर थाना क्षेत्र के सायर गांव में शराब की दुकान पर हुए विवाद के बाद मारपीट में चंदन सिंह (42) की मौत के मामले में पुलिस ने एक और नामजद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने भदौरा बस स्टैंड से सायर गांव निवासी विश्व कुमार जायसवाल उर्फ बबुआ को गिरफ्तार किया। पुलिस आरोपी के खिलाफ आवश्यक विधिक कार्रवाई में जुट गई ।

पुलिस के अनुसार, इससे पूर्व मामले में नामजद चार आरोपियों विकास सिंह निवासी रायसेनपुर, नरेंद्र यादव, बृजेश कुमार गुप्ता तथा किशन चौधरी उर्फ कृष्णा चौधरी, सभी निवासी सायर गांव, को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। विश्व कुमार जायसवाल की गिरफ्तारी के बाद मामले में अब तक पांच नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है।

विदित हो कि 23 अगस्त को सायर गांव निवासी चंदन सिंह अपने कुछ साथियों के साथ सायर चट्टी स्थित शराब की दुकान पर गया था। वहां किसी बात को लेकर कुछ लोगों से उसका विवाद हो गया। आरोप है कि विवाद बढ़ने पर चंदन सिंह के साथ मारपीट की गई, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। परिजन उसे उपचार के लिए निजी अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

घटना के बाद मृतक के भांजे पंकज सिंह की तहरीर पर गहमर थाने में पुलिस ने धारा 3(5), 105 बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया था। मुकदमा दर्ज होने के बाद पुलिस नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दे रही थी। इसी क्रम में पुलिस ने पहले चार आरोपियों को गिरफ्तार किया और अब विश्व कुमार जायसवाल उर्फ बबुआ को भी पकड़ लिया। पुलिस का कहना है कि मामले में आगे की विधिक कार्रवाई जारी है।

Exit mobile version