Site icon जनस्वराज हिंदी

ग्राम गोंहदा में हुआ भव्य हिंदू सम्मेलन का आयोजन

IMG 20251222 WA0032

 

 

अजित कुमार सिंह

नगसर । स्थानीय क्षेत्र के गोंहदा स्थित एक स्कूल परिसर में सोमवार को राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के स्थापना के शताब्दी वर्ष के अवसर पर एक भव्य हिंदू सम्मेलन का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ आर एस एस के वरिष्ठ पदाधिकारी अशोक राय ने दीप प्रज्वलन के साथ किया।
इस अवसर पर मुख्य मुख्य वक्ता आर एस एस के वरिष्ठ पदाधिकारी अशोक राय ने अपने संबोधन में कहा कि हिंदू समाज का लक्ष्य केवल स्वयं का उत्थान नहीं, बल्कि पूरी दुनिया का मित्र बनकर मानवता को सही दिशा देना है। उन्होंने आह्वान किया कि इस लक्ष्य की प्राप्ति के लिए सबसे पहले अपने घर, समाज और आचरण को सुधारना आवश्यक है।
उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि जब तक समाज जाति-भेद और छुआछूत जैसी कुरीतियों को त्याग कर एकजुट नहीं होगा, तब तक विश्व का मार्गदर्शन संभव नहीं है। “जो स्वयं खड़ा नहीं हो सकता, वह दूसरों को संभालने की क्षमता भी नहीं रखता,” उन्होंने कहा कि वर्तमान वैश्विक परिस्थितियों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि आज पूरी दुनिया अनैतिकता, अधर्म, अन्याय, युद्ध, जल संकट और पर्यावरणीय संकट जैसी गंभीर समस्याओं से जूझ रही है। ऐसी परिस्थितियों में हिंदू समाज का यह दायित्व बनता है कि वह धर्म को आधार बनाकर मानवता के रक्षक के रूप में आगे आए।
इतिहास का स्मरण कराते हुए उन्होंने कहा कि जहां दुनिया के कई देशों ने शक्ति के बल पर शोषण, दमन और गुलामी का मार्ग अपनाया, वहीं भारत ने कभी ऐसा नहीं किया। भारत के राजाओं, संतों, ऋषियों और महापुरुषों ने सदैव मानवता, करुणा और समरसता का मार्ग प्रशस्त किया है।
उन्होंने कहा कि यही कारण है कि आज भारत का कर्तव्य है कि वह “विश्व गुरु” बनने की दिशा में अग्रसर हो। विश्व गुरु बनने का अर्थ सत्ता या प्रभुत्व स्थापित करना नहीं, बल्कि हिंदू धर्म, हिंदुत्व और भारतीय संस्कृति के श्रेष्ठ मूल्यों को जीवन में उतारकर दुनिया के सामने उदाहरण प्रस्तुत करना है।
अपने संबोधन के अंत में उन्होंने संघ गीत की पंक्तियों का उल्लेख करते हुए कहा—
“हिंदू भाव को जब-जब भूले, आई विपद महान।”
उन्होंने चेताया कि यदि समाज अपने मूल्यों और हिंदू भाव को भूल गया, तो संकट अवश्यंभावी हैं।
सम्मेलन में बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे और पूरे कार्यक्रम के दौरान राष्ट्र, धर्म और समाज के प्रति समर्पण का भाव देखने को मिला।इस अवसर पर पूर्व भाजपा विधायक सुनीता सिंह,पुष्पा सिंह, संयोजक सुधाकर सिंह,खण्ड संचालक झारखण्डे पांडे,खण्ड कारवाह आकाश राय,सेवा प्रमुख मृतुन्जय, प्रधान प्रतिनिधि सुधीर सिंह, राधेश्याम राय, संजय गांधी कुशवाहा, संजय तिवारी,विरेन्दर तिवारी,शिवा जी, रामेश्वर माली, शिवशंकर राय, सत्येन्द्र ठाकुर,सचीन तिवारी, दिनेश्वर सिंह कुशवाहा, राम किशुन सिंह, बालेन्द्र सिंह, बिजेंद्र सिंह, सचीन कन्नौजीया आदि लोग उपस्थित रहे। संचालन रणजीत राजभर जबकि अध्यक्षता जगदीश नारायण सिंह ने किया।

Exit mobile version