अजित कुमार सिंह
नगसर । स्थानीय थाना क्षेत्र के गगरन निवासी 25 वर्षीय युवक गुलशन गुप्ता ने दोस्त के घर असांव में कमरें में फंदे पर लटकर आत्महत्या कर ली। जिसके चलते कोहराम मच गया।परिजनों का आरोप है कि छेड़छाड़ के झूठे आरोपों और दुष्कर्म के मामले में फंसाने की धमकी से परेशान होकर युवक ने यह कदम उठाया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।घटना जमानियां सर्किल के असांव स्थित गुलशन के एक दोस्त के घर हुई। परिजनों के अनुसार, गुलशन ने कमरे की दीवार में बने छेद में चादर के सहारे फंदा लगाकर जान दे दी।ग्रामीणों की सूचना पर नगसर हाल्ट थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से युवक को फंदे से नीचे उतारा। पुलिस ने चादर को कब्जे में लेते हुए कमरे को सील कर दिया।मृतक के छोटे भाई संजीव गुप्ता ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि गुलशन गुप्ता दो भाइयों और दो बहनों में सबसे बड़ा था। वह बाहर रहकर निजी काम करता था,होली पर घर आया था।कुछ दिनों बाद उसे सीआईएसएफ की परीक्षा देने जाना था।संजीव गुप्ता ने आरोप लगाया कि गाँव के ही कुछ लोगों ने उनके भाई पर बेवजह छेड़छाड़ का आरोप लगाकर 112 पर पुलिस को सूचना दी थी। साथ ही,कथित दबंगों ने पाँच लाख रुपये न देने पर दुष्कर्म के मामले में फंसाने की धमकी भी दी थी।परिजनों के अनुसार, इन आरोपों और सामाजिक बदनामी के डर से गुलशन काफी परेशान था। वह विपक्षी और पुलिस से डरकर असांव में अपने दोस्त के यहाँ छिप गया था। परिजनों का आरोप है कि लगातार मिल रही प्रताड़ना और मानसिक दबाव के चलते गुलशन ने यह आत्मघाती कदम उठाया।घटना के बाद मृतक की माँ रंजना देवी और पिता बालेश्वर गुप्ता सहित अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पिता मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण करते हैं, जबकि छोटा भाई अभी पढ़ाई कर रहा है।नगसर हाल्ट थानाध्यक्ष ओमप्रकाश ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। परिजनों की तहरीर के आधार पर पूरे मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है।

