Site icon जनस्वराज हिंदी

ग़हमर तिहरे हत्या कांड के 50 हजार के इनामिया के घर सहित सार्वजनिक स्थलों पर नोटिस चस्पा,आरोपी की तलाश तेज

IMG 20260422 WA0061

सेवराई। थाना गहमर के चर्चित तिहरे हत्याकांड में वांछित ₹50 हजार के इनामिया अभियुक्त अमित सिंह के खिलाफ पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है। बुधवार को न्यायालय के आदेश के अनुपालन में पुलिस ने गांव में ढोल-ताशा बजवाकर मुनादी कराई तथा आरोपी के घर समेत प्रमुख सार्वजनिक स्थलों पर उद्घोषणा की प्रतियां चस्पा कीं।

पुलिस के अनुसार थाना गहमर पर दर्ज मुकदमा संख्या 276/2025 में नामजद आरोपी अमित सिंह पुत्र अरविंद सिंह निवासी गहमर पट्टी खेलू राय लंबे समय से फरार चल रहा है। आरोपी के लगातार न्यायालय में उपस्थित न होने पर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट गाजीपुर द्वारा 20 अप्रैल 2026 को धारा 84(1) बीएनएसएस के तहत उद्घोषणा जारी की गई थी।

बुधवार को पुलिस अधीक्षक गाजीपुर के निर्देश पर चलाए जा रहे अपराधी गिरफ्तारी अभियान के तहत थाना गहमर पुलिस ने गांव में मुनादी कराकर लोगों को आरोपी की जानकारी देने की अपील की। पुलिस टीम ने आरोपी के संभावित ठिकानों और प्रमुख स्थानों पर नोटिस चस्पा करते हुए स्पष्ट किया कि फरार अभियुक्त जल्द आत्मसमर्पण नहीं करता है तो आगे कुर्की जैसी कार्रवाई भी की जा सकती है।

पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक अमित सिंह पर हत्या, मारपीट, बलवा, धमकी, आर्म्स एक्ट, पॉक्सो एक्ट समेत विभिन्न गंभीर धाराओं में कुल 14 मुकदमे दर्ज हैं। इनमें वर्ष 2017 से लेकर 2025 तक के कई आपराधिक मामले शामिल हैं।

गौरतलब है कि गहमर का तिहरा हत्याकांड क्षेत्र में काफी चर्चित रहा है और पुलिस इस मामले में लगातार फरार आरोपियों की तलाश में दबिश दे रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपी की गिरफ्तारी के लिए कई टीमें सक्रिय हैं तथा सूचना देने वालों की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।

Exit mobile version