
सेवराई। जनपद में अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना गहमर पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। गहमर हत्या कांड में वांछित अभियुक्त को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद घायल अवस्था में गिरफ्तार कर लिया। अभियुक्त के कब्जे से एक अवैध देशी तमंचा .315 बोर तथा एक खोखा कारतूस बरामद किया गया है।
पुलिस के अनुसार, दिनांक 27 दिसंबर 2025 की रात्रि प्रभारी निरीक्षक थाना गहमर एवं चौकी प्रभारी सेवराई पुलिस टीम के साथ क्षेत्र में गश्त पर थे। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि गहमर हत्या में वांछित अभियुक्त थाना क्षेत्र में मौजूद है और फरार होने की फिराक में है। सूचना पर पुलिस टीम तत्काल मठिया घाट के पास पहुंची, जहां सामने से आ रहे एक संदिग्ध व्यक्ति ने पुलिस को देखकर जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी।
पुलिस टीम द्वारा आत्मरक्षा में संतुलित जवाबी फायरिंग की गई, जिसमें अभियुक्त के बाएं पैर में गोली लग गई और वह घायल होकर गिर पड़ा। घायल अभियुक्त को मानवीय दृष्टिकोण अपनाते हुए तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भदौरा, गाजीपुर भेजा गया, जहां उसका उपचार चल रहा है।
गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान ओम सिंह पुत्र सुनील सिंह, निवासी ग्राम गहमर पट्टी खेलूराय, थाना गहमर, जनपद गाजीपुर, उम्र लगभग 19 वर्ष के रूप में हुई है। अभियुक्त के विरुद्ध थाना गहमर में पहले से ही कई आपराधिक मामले दर्ज हैं।
पुलिस ने अभियुक्त के पास से एक अवैध तमंचा .315 बोर तथा एक खोखा कारतूस बरामद किया है। मुठभेड़ एवं बरामदगी के संबंध में संबंधित धाराओं में अभियोग पंजीकृत कर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।
इस कार्रवाई को प्रभारी निरीक्षक प्रमोद कुमार सिंह के नेतृत्व में थाना गहमर पुलिस एवं चौकी सेवराई पुलिस टीम ने अंजाम दिया। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जनपद में अपराधियों के खिलाफ अभियान आगे भी इसी तरह सख्ती से जारी रहेगा।

