Site icon जनस्वराज हिंदी

गहमर पुलिस ने पशु तस्करी की कोशिश नाकाम की, नौ गायों से लदी बिना नंबर प्लेट पिकअप जब्त

Images

सेवराई।(गाजीपुर) तहसील क्षेत्र अंतर्गत गहमर कोतवाली पुलिस ने रात में वाहन चेकिंग के दौरान पशुओं से लदी एक पिकअप वैन पकड़ी। तस्करों ने वाहन को प्लास्टिक के तिरपाल से पूरी तरह ढककर रस्सी से बांध रखा था। पुलिस ने तिरपाल हटाया तो उसमें हाथ-पैर रस्सी से बंधी नौ गायें मिलीं।
पिकअप वैन पर कोई नंबर प्लेट नहीं लगी थी। पुलिस को देखते ही चालक अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया। तस्कर इन पशुओं को बिहार ले जा रहे थे।
कोतवाल दीनदयाल पांडेय ने बताया कि उनकी टीम बसुका चौराहे पर रात्रि गश्त व वाहन चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान एक तेज रफ्तार पिकअप वाहन आता दिखा। पुलिस को देखकर चालक ने और स्पीड बढ़ा दी। पुलिस टीम ने पीछा कर वाहन को रुकवाया, लेकिन चालक वाहन छोड़कर भाग निकला।
वाहन के चेसिस व इंजन नंबर की जांच करने पर पता चला कि पिकअप बलिया जिले के रेवतीपुर बहोरिक राय पट्टी निवासी आशीष कुमार राम के नाम पर रजिस्टर्ड है। पुलिस ने वाहन मालिक आशीष कुमार राम और अज्ञात चालक के खिलाफ पशु क्रूरता अधिनियम व अन्य संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। पिकअप वैन को जब्त कर लिया गया है तथा सभी पशुओं को सुरक्षित गोशाला भेज दिया गया है। पुलिस आगे की छानबीन कर रही है।

Exit mobile version