Site icon जनस्वराज हिंदी

गहमर तिहरे हत्याकांड में सातवें आरोपी 25 हजार रुपये के इनामी को ग़हमर पुलिस ने दबोचा

IMG 20260307 WA0020

 

सेवराई। तहसील के गहमर थाना क्षेत्र के गहमर गांव में 24 दिसंबर की रात हुए क्रूर तिहरे हत्याकांड में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। घटना में शामिल सातवें आरोपी अमरजीत कुमार सिंह उर्फ बबुआ (पुत्र अनिल सिंह उर्फ पप्पू), निवासी गहमर पट्टी खेलुराय को शनिवार सुबह मुखबिर की सूचना पर गहमर रेलवे स्टेशन से बारा जा रहे संपर्क मार्ग पर गिरफ्तार कर लिया गया। यह आरोपी 25 हजार रुपये के इनामी बदमाशों में शामिल था।
जानकारी के अनुसार, 24 दिसंबर की रात गहमर के खेलुराय पट्टी में एक दर्जन से अधिक हमलावरों ने लाठी-डंडों एवं धारदार हथियारों से गांव के ही तीन युवकों—बाबू राय पट्टी निवासी सौरभ सिंह, खेमन राय पट्टी निवासी विक्की सिंह तथा घोपाल राय पट्टी निवासी अंकित सिंह—की निर्मम हत्या कर दी थी। हत्यारों ने शवों को पास के तालाब में फेंक दिया था। मृतक विक्की सिंह के भाई विकास सिंह की तहरीर पर पुलिस ने 14 नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया था।
पुलिस ने अब तक कुल सात आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिसमें अमरजीत कुमार सिंह नवीनतम है। घटना के मुख्य आरोपी अमित सिंह सहित शेष सात आरोपी अभी भी फरार हैं और पुलिस की पकड़ से दूर हैं।
इस संबंध में सीओ जमानिया अनिल कुमार ने बताया कि मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए अमरजीत को गिरफ्तार किया गया। आरोपी के खिलाफ विधिक कार्रवाई की जा रही है तथा शेष फरार आरोपियों की तलाश के लिए छापेमारी तेज कर दी गई है। पुलिस ने मामले की गहन जांच शुरू कर दी है ताकि पूरी साजिश का पर्दाफाश हो सके।
यह सनसनीखेज वारदात ने पूरे इलाके में दहशत फैला रखी है। स्थानीय लोग आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं। पुलिस का दावा है कि जल्द ही बाकी आरोपियों को भी दबोचा जाएगा।

Exit mobile version