Site icon जनस्वराज हिंदी

किसान नेता ने सड़क निर्माण मे भ्रष्टाचार का लगाया आरोप, हाथों से उखाड़ी गिट्टीयां

IMG 20260216 WA0045

 

सेवराई। तहसील क्षेत्र में भदौरा से दिलदारनगर मुख्य मार्ग के चौड़ीकरण कार्य में कथित भ्रष्टाचार को लेकर किसान नेता भानु प्रताप सिंह ने विरोध प्रदर्शन किया। उन्होंने सड़क की गिट्टियां हाथ से उखाड़कर अपना विरोध दर्ज कराया और विभागीय अधिकारियों पर मिलीभगत का आरोप लगाया।

किसान नेता भानु प्रताप सिंह ने आरोप लगाया कि पीडब्ल्यूडी विभाग द्वारा कराए जा रहे इस निर्माण कार्य में कार्यदायी संस्था के साथ मिलकर निर्माण मानकों की अनदेखी की जा रही है। उन्होंने शिकायत की कि उनकी आपत्तियों के बावजूद न तो कोई जांच की गई और न ही दोषियों पर कोई कार्रवाई हुई। सिंह ने यह भी दावा किया कि संबंधित अधिशासी अभियंता और अवर अभियंता फोन कर मामले को दबाने का प्रयास कर रहे हैं।

ग्रामीणों के अनुसार, लाखों रुपये की लागत से हाल ही में बनी यह सड़क कुछ ही घंटों में उखड़ने लगी है। उन्हें आशंका है कि बरसात और भारी वाहनों के दबाव से सड़क पूरी तरह खराब हो जाएगी। स्थानीय लोगों ने यह भी बताया कि पूर्व में विभाग द्वारा खोदे गए गड्डों के कारण कई दुर्घटनाएं हुई हैं, जिनमें एक मछली विक्रेता की जान भी जा चुकी है।

प्रदर्शन के दौरान भानु प्रताप सिंह ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही निर्माण कार्य की गुणवत्ता की निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर कार्रवाई नहीं की गई, तो वे ग्रामीणों के साथ मिलकर तहसील मुख्यालय पर बड़ा धरना-प्रदर्शन करेंगे।

इस मामले में सेवराई के एसडीएम संजय यादव ने त्वरित और निष्पक्ष कार्रवाई का आश्वासन दिया है।

Exit mobile version