Site icon जनस्वराज हिंदी

करहिया हाल्ट के पास अवैध तमंचा व कारतूस के साथ युवक गिरफ्तार,पुलिस ने भेजा जेल

सेवराई। गहमर कोतवाली पुलिस ने अपराध एवं अवैध हथियारों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत एक युवक को अवैध देशी तमंचा और दो जिंदा कारतूस के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर उसे न्यायालय भेज दिया।प्रभारी निरीक्षक नंद कुमार तिवारी ने बताया कि सोमवार रात चौकी प्रभारी कामाख्या धाम उपनिरीक्षक रोहित कुमार द्विवेदी तथा कांस्टेबल राहुल कुमार क्षेत्र में गश्त एवं संदिग्ध व्यक्तियों की जांच कर रहे थे। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि करहिया हाल्ट स्टेशन के पास मनियां होते हुए बिहार जाने वाले मार्ग पर एक व्यक्ति अवैध हथियार के साथ मौजूद है।सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर संदिग्ध युवक को पकड़ने का प्रयास किया। पुलिस को देखते ही वह खेतों के रास्ते भागने लगा, लेकिन सतर्क पुलिसकर्मियों ने पीछा कर उसे दबोच लिया।तलाशी के दौरान उसके कब्जे से एक 32 बोर का अवैध देशी तमंचा तथा दो जिंदा कारतूस बरामद हुए। पूछताछ में उसकी पहचान मोती मुसहर पुत्र स्वर्गीय राजेंद्र मुसहर, निवासी ग्राम बकसड़ा, थाना गहमर, जनपद गाजीपुर के रूप में हुई।प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि बरामदगी के आधार पर आरोपी के विरुद्ध धारा 3/25 आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा पंजीकृत कर आवश्यक विधिक कार्रवाई की गई है। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत कर दिया है।

Exit mobile version