Site icon जनस्वराज हिंदी

ऑपरेशन सिंदूर की प्रथम वर्षगांठ पर एनसीसी कैडेटों ने किया ध्वजारोहण

IMG 20260509 WA0019

 

सेवराई (गाजीपुर): तहसील क्षेत्र के स्व. चंद्रशेखर जी पूर्व प्रधानमंत्री स्मारक महाविद्यालय, रामपुर कनवा में “ऑपरेशन सिंदूर” की प्रथम वर्षगांठ के उपलक्ष्य में शुक्रवार को एक भावपूर्ण कार्यक्रम आयोजित किया गया। 91 यूपी बटालियन एनसीसी के कैडेटों ने देशभक्ति से ओत-प्रोत माहौल में तिरंगे का ध्वजारोहण कर राष्ट्र की एकता और सेना के साहस को नमन किया।

कार्यक्रम का आयोजन 91 यूपी बटालियन एनसीसी के कमांडिंग ऑफिसर कर्नल अमर सिंह के निर्देशन में किया गया। महाविद्यालय के एनसीसी एएनओ डॉ. मिथिलेश कुमार सिंह के कुशल संचालन में 46 एनसीसी कैडेटों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

कार्यक्रम की शुरुआत तिरंगे ध्वजारोहण एवं राष्ट्रगान से हुई। कैडेटों ने भारतीय झंडे को सलामी दी और देश की एकता, अखंडता व अटूट राष्ट्रभक्ति का संकल्प लिया।

अपने संबोधन में डॉ. मिथिलेश कुमार सिंह ने ऑपरेशन सिंदूर के ऐतिहासिक महत्व पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा, “6 एवं 7 मई 2025 को पहलगाम में हुए जघन्य आतंकी हमले के बाद भारतीय सेना द्वारा पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर (PoK) में आतंकवादी ठिकानों पर सटीक हमला कर चलाया गया यह अभियान भारतीय सैन्य शक्ति, रणनीतिक कौशल और दृढ़ इच्छाशक्ति का अद्वितीय उदाहरण है।”

डॉ. सिंह ने आगे कहा, “ऑपरेशन सिंदूर न केवल आतंकवाद के खिलाफ भारत की ‘जीरो टॉलरेंस’ नीति को दर्शाता है, बल्कि देश की संप्रभुता और स्वाभिमान की रक्षा के लिए भारतीय सेना की अटूट प्रतिबद्धता को भी रेखांकित करता है।”

महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. अरविंद कुमार दूबे ने कार्यक्रम की सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त की और कहा कि ऐसे कार्यक्रम युवाओं को राष्ट्रसेवा और अनुशासन का महत्व समझाते हैं। उन्होंने एनसीसी कैडेटों को देशसेवा के प्रति प्रेरित किया।

कार्यक्रम में डॉ. तेज नारायण राय, डॉ. धनंजय, भूपेंद्र सिंह, सूर्यप्रकाश बिट्टू, परवेज अहमद, जितेंद्र कुमार, दीपक शर्मा, शाहिद खान, मनोज कुमार, कमलेश कुमार सहित अन्य शिक्षकगण एवं स्टाफ सदस्य उपस्थित रहे।

कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान तथा “भारत माता की जय” के उद्घोष के साथ हुआ।

यह कार्यक्रम न केवल ऑपरेशन सिंदूर के शहीदों को श्रद्धांजलि था, बल्कि युवा पीढ़ी में देशभक्ति की ज्योति जगाने का भी एक अनुपम प्रयास साबित हुआ।

Exit mobile version