
दिलदारनगर। पंडित दीनदयाल उपाध्याय रेल खंड के दिलदारनगर रेलवे स्टेशन पर रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) और राजकीय रेलवे पुलिस (जीआरपी) की संयुक्त टीम ने एक बार फिर अपनी सतर्कता और साहसिक कार्रवाई का परिचय दिया है। ‘ऑपरेशन सतर्क’ के तहत की गई इस सफल छापेमारी में पांच शराब तस्करों को दबोचा गया, जो बिहार में अवैध अंग्रेजी शराब की बड़ी खेप पहुंचाने की फिराक में थे।
ट्रेन संख्या 63230 डाउन के प्लेटफॉर्म नंबर 1 पर पहुंचते ही निरीक्षक प्रभारी गणेश सिंह राणा के नेतृत्व में उपनिरीक्षक नवीन कुमार, राजीव कुमार एवं अन्य जाबांज कर्मियों ने ट्रेन की गहन तलाशी शुरू की। मुखबिर की विश्वसनीय सूचना पर बीच वाली यूनिट पर विशेष फोकस किया गया, जहां आरोपियों के पास से 70.080 लीटर अवैध अंग्रेजी शराब बरामद हुई। इस शराब की अनुमानित बाजार कीमत 37,820 रुपये बताई गई है।
गिरफ्तार किए गए तस्करों की पहचान निम्नलिखित ।है कौशल कुमार,रंजन कुमार, सुजीत कुमार,रवि कुमार,
कुंदन कुमार ये सभी पटना जिले के बख्तियारपुर थाना क्षेत्र के निवासी हैं। आरोपियों ने ट्रेन के माध्यम से शराब को बिहार ले जाने की कोशिश की थी, जहां शराब पर पूर्ण प्रतिबंध है।
रेलवे अधिकारियों ने बताया कि ट्रेनों में अवैध शराब का परिवहन न केवल कानून का उल्लंघन है, बल्कि यह यात्रियों की सुरक्षा के लिए भी गंभीर खतरा पैदा करता है। ऐसी खेपें आग लगने या अन्य दुर्घटनाओं का कारण बन सकती हैं। इस मामले में संबंधित धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।
यह कार्रवाई रेलवे सुरक्षा बल और जीआरपी की निरंतर सतर्कता का उत्कृष्ट उदाहरण है, जो अवैध तस्करी के खिलाफ ‘ऑपरेशन सतर्क’ को और मजबूत बनाती है। दिलदारनगर स्टेशन पर ऐसी सफलताएं यात्रियों में सुरक्षा की भावना बढ़ाती हैं और तस्करों के लिए सख्त संदेश देती हैं कि रेल नेटवर्क अब उनके लिए सुरक्षित नहीं रहा।

