सेवराई। तहसील क्षेत्र में अवैध रूप से संचालित आरा मशीनों के खिलाफ प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए बड़ी कार्रवाई की है। शनिवार को सेवराई एसडीएम संजय यादव और वन विभाग की संयुक्त टीम ने भदौरा बस स्टैंड के समीप एक निजी स्कूल के पास संचालित अवैध आरा मशीन को सीज कर दिया। इस कार्रवाई से क्षेत्र के आरा मशीन संचालकों में हड़कंप मच गया।
वन विभाग के डीएसपी/क्षेत्रीय वन अधिकारी जमानिया जे.एस.पी. वर्मा ने बताया कि मुखबिर से सूचना मिली थी कि सेवराई तहसील क्षेत्र के भदौरा में अवैध रूप से आरा मशीन संचालित की जा रही है। सूचना के आधार पर एसडीएम सेवराई के साथ संयुक्त रूप से छापेमारी की गई, जहां मौके पर अवैध आरा मशीन पाई गई। हालांकि निरीक्षण के समय आरा मशीन बंद थी, लेकिन परिसर में रखी चार पेड़ की लकड़ियां तथा अन्य उपकरण बरामद किए गए।
वन विभाग द्वारा लकड़ियों एवं उपकरणों को सीज करते हुए जुर्माने की कार्रवाई की गई है। साथ ही आरा मशीन संचालक के विरुद्ध वन अधिनियम के तहत विधिक कार्रवाई प्रचलित की जा रही है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि क्षेत्र में अवैध कटान और बिना अनुमति संचालित आरा मशीनों के खिलाफ आगे भी अभियान जारी रहेगा।

