Site icon जनस्वराज हिंदी

एक रन से जीतकर रामपुर परसुथुआ ने जीती अंतरराज्यीय क्रिकेट प्रतियोगिता

सेवराई। तहसील क्षेत्र के हरकेशपुर गांव में आयोजित अंतरराज्यीय क्रिकेट प्रतियोगिता का फाइनल मुकाबला बिहार प्रांत की बड़ौदा टीम और रामपुर परसुथुआ के बीच खेला गया। रोमांच से भरपूर मुकाबले में रामपुर परसुथुआ की टीम ने महज एक रन से जीत दर्ज कर विजेता ट्रॉफी पर कब्जा जमा लिया। समाजवादी पार्टी के नेता रितेश सिंह ने विजेता एवं उपविजेता टीम के खिलाड़ियों को ट्रॉफी प्रदान कर सम्मानित किया।इससे पूर्व मुख्य अतिथि रितेश सिंह ने फीता काटकर प्रतियोगिता का शुभारंभ किया तथा खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर उनका उत्साहवर्धन किया। फाइनल मुकाबले में पहले बल्लेबाजी करते हुए रामपुर परसुथुआ की टीम ने निर्धारित ओवरों में सात विकेट के नुकसान पर 99 रन बनाए। जवाब में उतरी बड़ौदा की टीम लक्ष्य के करीब पहुंचकर भी उसे हासिल नहीं कर सकी और एक रन से मुकाबला हार गई।खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए रितेश सिंह ने कहा कि खेल युवाओं के सर्वांगीण विकास का सशक्त माध्यम है। क्रिकेट केवल मनोरंजन का साधन नहीं, बल्कि अनुशासन, टीम भावना, संघर्ष और नेतृत्व क्षमता विकसित करने का महत्वपूर्ण माध्यम है। उन्होंने खिलाड़ियों से खेल भावना के साथ प्रतियोगिता में भाग लेने का आह्वान करते हुए कहा कि जीत और हार खेल का हिस्सा है, लेकिन मेहनत, समर्पण और अनुशासन ही खिलाड़ी की वास्तविक पहचान होती है।उन्होंने प्रतियोगिता के सफल आयोजन के लिए आयोजकों की सराहना करते हुए कहा कि ऐसी प्रतियोगिताएं ग्रामीण क्षेत्रों की खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने का महत्वपूर्ण मंच प्रदान करती हैं।इस अवसर पर राकेश कुमार, रामू चौधरी सहित क्षेत्र के गणमान्य लोग एवं बड़ी संख्या में खेल प्रेमी उपस्थित रहे।

Exit mobile version