दिलदारनगर। उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मंडल के नगर अध्यक्ष गोपाल वर्मा ने रविवार को थाना निरीक्षक अशोक मिश्रा को एक पत्रक सौंपा। इसमें विजयदशमी पर्व पर नगर में चार पहिया, तीन पहिया और बाइक के प्रवेश पर रोक लगाने की मांग की गई है, ताकि श्रद्धालु पूजा पंडालों में आसानी से दर्शन कर सकें।
पत्र में अष्टमी, नवमी और दशमी तक नगर में चार पहिया वाहनों के प्रवेश पर प्रतिबंध लगाने का अनुरोध किया गया है। साथ ही, स्टेशन रोड, सब्जी मंडी के आगे निरहु का पूरा गांव मोड़ और हुसैनाबाद नहर पुलिया पर बैरिकेडिंग लगाने की मांग की गई है। विजयदशमी के दिन बाइक के आवागमन पर भी रोक लगाने का सुझाव दिया गया है।
थाना निरीक्षक अशोक मिश्रा ने व्यापार मंडल को पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि पुलिस बल वाहनों को रोकने के लिए तैनात किया जाएगा और इस बार भी व्यवस्था चाक-चौबंद रहेगी।उन्होंने व्यापारियों से भी सहयोग की अपील की।

