सेवराई।तहसील क्षेत्र के दिलदारनगर कस्बा से एक युवा क्रिकेटर ने राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है। वार्ड नंबर एक निवासी अकबर अली खान का अरुणाचल प्रदेश की अंडर-23 क्रिकेट टीम में चयन हुआ है। बाएं हाथ के स्पिन गेंदबाज अकबर ने ईटानगर में आयोजित ट्रायल में अपने प्रदर्शन से सभी को प्रभावित किया।
वर्तमान में लखनऊ विश्वविद्यालय से बीकॉम की पढ़ाई कर रहे अकबर अली खान किसान परिवार से हैं। उनके पिता एबादुर रहमान और माता महजबीन खातून के लिए यह गर्व का क्षण है। खेल प्रतिभा इस परिवार को विरासत में मिली है, क्योंकि अकबर के भाई अफजल खान रोलबॉल में राष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ी हैं, जिन्होंने तीन बार प्रदेश का प्रतिनिधित्व किया है और पांच बार प्रदेश स्तरीय प्रतियोगिताओं में हिस्सा ले चुके हैं।
इस उपलब्धि के बाद जब अकबर अली खान अपने गांव लौटे, तो स्थानीय लोगों ने फूल-मालाओं से उनका भव्य स्वागत किया। यह चयन न केवल अकबर के लिए, बल्कि पूरे दिलदारनगर क्षेत्र के लिए गौरव का क्षण है, जो युवा खिलाड़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेगा।

