सेवराई। तहसील क्षेत्र के गहमर थाना अंतर्गत कामाख्या मंदिर के समीप तेज रफ्तार सफारी व मोटरसाइकिल की टक्कर हो जाने के कारण बाइक सवार की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद लोगो की सूचना पर भाग रही सफारी वाहन को पुलिस ने पकड़ लिया है एवं मामले में अन्य आवश्यक विधिक कार्रवाई कर रही है।
सोमवार की रात्रि करीब 8:30 बजे कामाख्या धाम के मुख्य गेट के समीप एक अनियंत्रित सफारी वाहन ने बाइक सवार को टक्कर मार दी। घटना में बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे आसपास मौजूद लोगों के द्वारा पुलिस को सूचना देते हुए सामुदायिक स्वास्थ्य भदौरा में भर्ती कराया गया जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान बिहार प्रांत के बक्सर ईशापुर निवासी कृष्णा यादव (30) पुत्र हृदय नारायण यादव के रूप में हुई। सेवराई चौकी इंचार्ज उप निरीक्षक पुष्पेश चन्द्र दुबे ने हमराहियों के साथ सीएचसी पहुंच कर मृतक के परिजनों को सूचना देने के साथ ही अन्य कार्यवाई में जुट गए। वही पुलिस ने बताया कि घटना के बाद भाग रहे सफारी वाहन को पकड़ लिया गया है।
इस सम्बंध में गहमर कोतवाल अशेष नाथ सिंह ने बताया कि घटना की जानकारी मिली है शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्यवाई की जा रही है।

