सेवराई। तहसील क्षेत्र के गहमर थाना अंतर्गत हरकेशपुर गांव में अज्ञात कारणों से लगी आग के कारण तीन परिवारों की रिहायशी मड़ई जलकर राख हो गई। जिससे उसमें रखा घर गृहस्ती का सारा सामान सहित अनाज और बिस्तर आदि जलकर राख हो गए, लोगों ने किसी तरह घंटो की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। घटना के सूचना पाकर मौके पर पहुंचे हल्का लेखपाल शहंशाह आलम ने क्षति का आकलन कर रिपोर्ट शासन को भेज दी है एवं पीड़ित परिवार को हर संभव प्रशासनिक मदद का आश्वासन दिया है।
देवल ग्राम सभा के हरकेशपुर मौजा में स्थित राजेश बिंद पुत्र श्री राम बिंद के रिहायशी मड़ई में अज्ञात कारणों से अचानक आग लग गई। जब तक लोग कुछ समझ पाते तब तक आग ने बगल के सुनील बिंद पुत्र केदार बिंद एवं रघुनाथ बिंद पुत्र स्व. बासु बिंद के मड़हे को भी अपनी आगोश में ले लिया। आग की तेज लपटे देख मौके पर ग्रामीणों की भारी भीड़ इकट्ठा हो गई। लोगों ने सूझ-बूझ का परिचय देते हुए मड़हे से मवेशियों और लोगों को किसी तरह बाहर निकाला और उनकी जान बचाई। कुछ देर में देखते ही देखते आग ने घर गृहस्ती का सारा सामान सहित पशु चारा व अन्य चीजों को जलाकर राख कर दिया। लोगों के द्वारा आग बुझाने का काफी प्रयास किया गया लेकिन सफलता नहीं मिल सकी। लोगों ने सबमर्सिबल के जरिए पानी चलाकर घंटो के कड़ी मशक्कत के बाद किसी तरह आग पर काबू पाया तब तक आग में सभी सामान जलाकर रख कर दिए थे। देखते ही देखते खेतों के जरिए आज देवल गांव निवासी रमेश कुशवाहा के खेत तक पहुंच गई जहां मड़ाई करने के लिए काटकर रखे गए 70 बोझ गेहूं जलकर राख हो गए। सूचना पाकर मौके पर पहुंचे हल्का लेखपाल शहंशाह आलम ने पीड़ित लोगों का क्षति का आकलन करते हुए रिपोर्ट शासन को भेज दिया है।
तहसीलदार सुनील कुमार सिंह ने कहा कि सूचना मिली है। आवश्यक कार्यवाई की जा रही है।

