Site icon जनस्वराज हिंदी

अज्ञात कारणों से झोपड़ी में लगी आग, कई मवेशियों की मौत

IMG 20240802 WA0004

नगसर: नगसर हाल्ट थाना अंतर्गत अवंती गाँव में बीते गुरूवार की देर रात्रि को रीता देवी के एक निजी गौशाला में अज्ञात कारणों से आग लगने से झोपड़ियां जलकर राख हो गई जबकि आग की चपेट में आने से तीन भैंसे एवं छह बकरियां झुलसकर मर गई।

इस भीषण अगलगी में जानवरों का चारा, कपड़ा आदि अन्य घरेलू सामान जलकर राख हो गया। इस अगलगी में पीड़ित परिवार को करीब तीन लाख रूपये के नुकसान का अनुमान लगाया जा रहा है।

आग लगने की सूचना पर आज शुक्रवार को लेखपाल आशुतोष कुमार मौके पर पहुंच नुकसान का सर्वे कर रिपोर्ट उच्चाधिकारियों को प्रेषित कर दिया।

वहीं पीड़ित व ग्रामीणों की सूचना पर पहुंचे पशु चिकित्सक शशिभूषण कुमार ने मौके पर मृत पशुओं का पोस्टमार्टम किया,इसके बाद मृत जानवरों को सुरक्षित जगहों पर दफन कर दिया गया।

इस घटना के बाद पीड़िता रीता देवी पूरी तरह से बदहवाश है। अंवती गाँव निवासी पीड़िता रीता देवी ने बताया कि वह रोज की तरह शाम को जानवरों को चारा खिलाने एवं दूध दूहने के बाद अपने निजी गौशाला में जानवरों को बांधने के बाद और खुद भी भोजन कर सोने चली गई।

उन्होंने बताया कि इसी दौरान देर रात को शोर सुनकर जब वह कमरें से बाहर आई तो देखा की उसके निजी गौशाला की झोपड़ियां धू-धूकर जल रही है।

बताया कि उसके शोर पर अगल-बगल के ग्रामीणों की भीड़ जुट गई जिसके बाद निजी संसाधनों के जरिए आग पर काबू पाने में जुट गये। कड़े मशक्कत के करीब घंटे भर बाद आग पर काबू पाया जा सका लेकिन उसमें बांधे गये तीन भैंसे, छह बकरियां झुलसकर मर गई।

इस आग में उसका अन्य सामान भी जल गया। तहसीलदार रामनारायण वर्मा ने बताया कि आग लगने की सूचना मिली है जिसपर काबू पा लिया गया है।

बताया कि अगलगी के नुकसान के सर्वे रिपोर्ट लेखपाल के द्वारा मिलते ही पीड़ित परिवार को जल्द सरकारी सहायता दी जाएगी।

Exit mobile version