Site icon जनस्वराज हिंदी

नगर अध्यक्ष अविनाश जायसवाल के नेतृत्व में निकली भव्य तिरंगा यात्रा, सात हजार छात्र-छात्राओं ने बढ़ाया देशभक्ति का जोश


दिलदारनगर। स्वतंत्रता दिवस के मद्देनजर नगर पंचायत दिलदारनगर की ओर से शुक्रवार को ‘हर घर तिरंगा’ महा अभियान के तहत भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। नगर पंचायत अध्यक्ष अविनाश जायसवाल और नायब तहसीलदार पंकज कुमार ने रामलीला मैदान से हरी झंडी दिखाकर यात्रा का शुभारंभ किया।
सुबह नौ बजे शुरू हुई तिरंगा यात्रा नगर पंचायत कार्यालय से निकलकर रेलवे फाटक होते हुए बड़ी नहर चौराहे तक पहुंची। यात्रा में नगरवासियों के साथ नौ विद्यालयों के करीब सात हजार छात्र-छात्राओं ने हाथों में तिरंगा लेकर पूरे उत्साह के साथ सहभागिता की। इस दौरान 180 मीटर लंबे तिरंगे ने लोगों का विशेष ध्यान आकर्षित किया। भारत माता की जय और वंदे मातरम् के नारों से पूरा नगर देशभक्ति के रंग में रंगा नजर आया।
यात्रा में कुश स्मारक उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, राजकीय बालिका इंटर कॉलेज, मानिक चंद हाई स्कूल, पूर्वांचल पब्लिक स्कूल, शाह फैज पब्लिक स्कूल, डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम बालिका विद्यालय समेत विभिन्न शिक्षण संस्थानों के छात्र-छात्राएं शामिल रहे।
नगर पंचायत अध्यक्ष अविनाश जायसवाल ने कहा कि ‘हर घर तिरंगा’ अभियान केवल राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान व्यक्त करने का माध्यम नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक में राष्ट्रप्रेम, एकता और अखंडता की भावना को मजबूत करने का संकल्प भी है। उन्होंने लोगों से स्वतंत्रता दिवस पर अपने घरों पर तिरंगा फहराने और देश की एकता-अखंडता को मजबूत करने में योगदान देने की अपील की।
इस मौके पर गौतम बुद्ध, भगवान शाह, इमरान, मिथिलेश, मंटू, सत्यनारायण वर्मा, लक्षण शर्मा सहित बड़ी संख्या में नगरवासी, शिक्षक और छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।

Exit mobile version