सेवराई। तहसील क्षेत्र में 80वां स्वतंत्रता दिवस शनिवार को पूरे हर्षोल्लास और देशभक्ति के माहौल में मनाया गया। सरकारी, गैर सरकारी एवं शिक्षण संस्थानों में ध्वजारोहण कर राष्ट्रगान के साथ तिरंगे को सलामी दी गई। जगह-जगह आयोजित कार्यक्रमों में लोगों ने देश की आजादी के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले स्वतंत्रता सेनानियों को नमन किया।
देवकली गांव में सम्राट अशोक महान द्वार स्थित स्वतंत्रता संग्राम सेनानी सीताराम जी की प्रतिमा पर खंड विकास अधिकारी भदौरा अमित कुमार शाह और प्रभारी निरीक्षक गहमर नंद कुमार तिवारी ने संयुक्त रूप से माल्यार्पण कर पुष्प अर्पित किए। इससे पूर्व ध्वजारोहण कर तिरंगे को सलामी दी गई। इस अवसर पर ग्राम प्रशासक रामप्रवेश मौर्य ने खंड विकास अधिकारी अमित कुमार शाह और प्रभारी निरीक्षक गहमर नंद कुमार तिवारी को अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया।
देवकली स्थित अमृत सरोवर तालाब पर ग्राम प्रधान रामप्रवेश मौर्य ने ध्वजारोहण किया। वहीं स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर स्व. जगमानी इंटर कॉलेज देवकली के छात्र-छात्राओं ने भव्य तिरंगा यात्रा निकाली। विद्यालय के प्रबंधक रौशन मौर्य ने सम्राट अशोक महान द्वार से हरी झंडी दिखाकर यात्रा को रवाना किया।
तिरंगा यात्रा में छात्र-छात्राएं हाथों में राष्ट्रीय ध्वज और देशभक्ति के संदेश लिखी तख्तियां लेकर शामिल हुए। यात्रा ने नेशनल हाईवे-124 सी के किनारे से होते हुए देवकली, बकैनिया मोड़, पिपरौली सहित विभिन्न स्थानों का भ्रमण किया। इस दौरान बच्चों ने देशभक्ति के नारों से वातावरण को राष्ट्रप्रेम से सराबोर कर दिया। यात्रा पुनः विद्यालय परिसर पहुंचकर सभा कार्यक्रम में परिवर्तित हो गई।
विद्यालय परिसर में आयोजित कार्यक्रम के दौरान छात्र-छात्राओं ने देशभक्ति से ओतप्रोत विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। बच्चों की प्रस्तुतियों ने उपस्थित लोगों का मन मोह लिया। कार्यक्रम में वक्ताओं ने स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के त्याग और बलिदान को याद करते हुए विद्यार्थियों से देश की एकता, अखंडता और राष्ट्रहित के प्रति सदैव समर्पित रहने का आह्वान किया।
इस मौके पर सतीश गुप्ता, राजू मौर्य, रजनीश यादव, सुखलाल सिंह, अरुण गुप्ता, सत्य प्रकाश, प्रेम नारायण सहित बड़ी संख्या में गणमान्य लोग, शिक्षक, ग्रामीण एवं छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।
देवकली में शान से लहराया तिरंगा, स्वतंत्रता सेनानी सीताराम की प्रतिमा पर किया माल्यार्पण

