कुशीनगर: कलेक्ट्रेट सभागार में अपर जिलाधिकारी वैभव मिश्रा की अध्यक्षता में जिला उद्योग बंधु, व्यापार बंधु एवं श्रम बंधु की संयुक्त बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में उद्यमियों, निवेशकों और व्यापारियों से जुड़े विविध प्रकरणों पर गहन चर्चा की गई और शीघ्र समाधान हेतु संबंधित अधिकारियों को दिशा-निर्देश दिए गए।
उद्योग विकास को गति देने हेतु उठाए गए प्रमुख कदम:
विशाल ट्रेडिंग कंपनी, पडरौना:
मुसहर बस्ती, जंगल बेलवां स्थित इकाई के संपर्क मार्ग के पक्कीकरण और चौड़ीकरण की मांग पर चर्चा हुई। नगरपालिका परिषद, पडरौना द्वारा स्थल का सर्वेक्षण पूर्ण कर लिया गया है। अपर जिलाधिकारी ने अधिशासी अधिकारी को निर्देशित किया कि आगामी बोर्ड बैठक में प्रस्ताव पास कराकर कार्य प्रारंभ करें।
सीएससी कुशीनगर – यूपी फार्मर प्रोड्यूसर कंपनी, सठियांव:
इकाई के संपर्क मार्ग से अतिक्रमण हटाने का मामला समिति में रखा गया। एडीएम ने एसडीएम, कसया को आवश्यक पुलिस बल के साथ अतिक्रमण हटाने तथा उद्यमी को चिन्हांकन उपरांत तत्काल मिट्टी भराई करने के निर्देश दिए।
बुद्धा वाटर पार्क एंड रिजॉर्ट, भैसहां, एनएच-28:
धारा 80 के लंबित प्रकरण पर चर्चा करते हुए पाया गया कि निवेशक द्वारा 1% आवेदन शुल्क जमा नहीं किया गया है। एडीएम ने शुल्क शीघ्र जमा कराने और एसडीएम को तत्काल निस्तारण के निर्देश दिए।
मिनी औद्योगिक आस्थान, सरगटिया करनपट्टी (दुदही):
विद्युत आपूर्ति सुधार को लेकर उठे मुद्दे पर अवगत कराया गया कि 11 केवी व एलटी लाइन निर्माण हेतु ₹2,51,791 की धनराशि संबंधित कार्यदायी संस्था को भेज दी गई है।
मिनी औद्योगिक आस्थान, नदवां विशुनपुर, फाजिलनगर:
1990 में अधिग्रहित भूमि के गाटा संख्याओं की त्रुटि को लेकर समस्या सामने आई। ग्राम प्रधान द्वारा उपयोग में ली गई भूमि की स्थिति स्पष्ट की गई। एडीएम ने एसडीएम, कसया को शीघ्र कार्रवाई कर समाधान करने को कहा।
Read more: कुशीनगर इंटरनेशनल एयरपोर्ट को मिला IFR कैटेगरी लाइसेंस, जल्द शुरू होंगी नियमित घरेलू उड़ानें
एमओयू क्रियान्वयन एवं निवेश मित्र पोर्टल की समीक्षा
ग्लोबल यूपी इन्वेस्टर्स समिट के अंतर्गत एमओयू क्रियान्वयन की स्थिति की समीक्षा की गई। अक्रियाशील इकाइयों की समस्याओं का शीघ्र निस्तारण कर उन्हें पुनः क्रियाशील करने पर जोर दिया गया।
निवेश मित्र पोर्टल पर लंबित आवेदनों विशेषकर उत्तर प्रदेश पावर कॉर्पोरेशन लिमिटेड के मामलों को लेकर रोष व्यक्त किया गया। एडीएम ने तत्काल समाधान हेतु निर्देशित किया।
स्वरोजगार योजनाओं की बैंकवार समीक्षा
✅ मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास योजना, मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना एवं ODOP ऋण योजना के अंतर्गत बैंकवार प्रगति समीक्षा की गई। एडीएम ने बैंकों को निर्देशित किया कि लंबित आवेदनों पर शीघ्र निर्णय लें व वितरण की प्रक्रिया पूर्ण करें।
श्रमिक और व्यापारी हितों पर भी चर्चा
जिला श्रम बंधु की बैठक में श्रम प्रवर्तन अधिकारी ने जानकारी दी कि श्रमिकों के लिए संचालित योजनाओं के तहत आवेदन कर लाभ प्राप्त किया जा सकता है।
व्यापार बंधु बैठक में व्यापारियों की समस्याओं का समाधान संबंधित अधिकारियों द्वारा मौके पर किया गया।
बैठक में उपस्थित अधिकारी व प्रतिनिधि
इस महत्वपूर्ण बैठक में उपायुक्त उद्योग अभय कुमार सुमन, उपायुक्त राज्यकर, अग्रणी जिला प्रबंधक संतोष कुमार, श्रम प्रवर्तन अधिकारी सुश्री अलंकृता उपाध्याय सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, उद्यमी संघ अध्यक्ष रामअशीष जायसवाल एवं अन्य उद्यमी-व्यापारीगण उपस्थित रहे।

